चेन्नई, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि वह श्रीलंका में मौजूद 15 भारतीय मछुआरों की रिहाई और 28 नौकाओं को मुक्त कराने के लिए कदम उठाएं।
जयललिता ने इस बाबत प्रधानमंत्री को 22 सितंबर को एक पत्र लिखा था। यह पत्र बुधवार को मीडिया के सामने आया। पत्र में जयललिता ने कहा है कि श्रीलंका की नौसेना 21 सितंबर को मछली पकड़ने वाली दो भारतीय दो नौकाओं को नागपट्टनम से अपने कब्जे में लेकर श्रीलंका के कानकेसनतुरई नगर ले गई थी। इन नौकाओं पर 15 मछुआरे सवार थे।
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के निर्दोष एवं निहत्थे मछुआरों की गिरफ्तारी की यह ताजा घटना मछुआरों को पाक जलडमरूमध्य और कचाथीवू द्वीप के आसपास भारतीय जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के उनके पारंपरिक काम को करने से रोकती है।
जयललिता ने कहा, “जैसा कि आप वाकिफ हैं कि अब भी हमारे मछुआरों की मछली पकड़ने की 26 नौकाएं श्रीलंका की हिरासत में हैं।”
कचाथीवू द्वीप भारत-श्रीलंका को विभक्त करने वाले एक संकरे सागर के मध्य स्थित है। कहा गया है कि इस छोटे से द्वीप के आसपास का समुद्री हिस्सा समुद्री जीवन के लिहाज से समृद्ध है, जिसके चलते दोनों देशों के मछुआरों के बीच आए दिन विवाद होते हैं।
dharmpath.com dharmpath