जयललिता की भतीजी का एआईएडीएमके में शामिल होना तय नहीं (लीड-1)

चेन्नई, 17 जनवरी (आईएएनएस)। तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री की भतीजी जे.दीपा ने मंगलवार को राजनीति में अपने प्रवेश की घोषणा करते हुए कहा कि उन्होंने इस बारे में अभी कोई फैसला नहीं किया है कि वह अन्नाद्रमुक (एआईएडीएमके) में शामिल होंगी या अपनी नई पार्टी बनाएंगी।

यहां संवाददाताओं से बातचीत में दीपा ने कहा कि उनके राजनीतिक सफर को लेकर दो तरह के दृष्टिकोण हैं। उन्होंने कहा, “फैसला करने के लिए मुझे समय चाहिए। लोगों के साथ चर्चा करूंगी। हमें सभी की राय जाननी है।”

दीपा ने कहा कि वह 24 फरवरी को अपनी बुआ के जन्मदिन पर अपने अगले कदम की घोषणा करेंगी, जिनका गत साल पांच दिसंबर को निधन हो गया था।

कार्डिफ विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में स्नातक के साथ अंतर्राष्ट्रीय पत्रकारिता में स्नातकोत्तर दीपा ने यह भी कहा कि वह एआईएडीएमके के संस्थापक दिवंगत एम.जी. रामचंद्रन और दिवंगत जे. जयललिता के अलावा किसी और को अपना नेता नहीं मानेंगी।

दीपा ने अपने समर्थकों का आभार प्रकट किया और कहा कि वह जयललिता की संपत्ति की चाहत नहीं रखती हैं।

दीपा के घर के बाहर बड़ी संख्या में एआईएडीएमके के समर्थक जमा थे और उनके समर्थन में नारे लगा रहे थे। प्रदेश भर में उनके समर्थन में बैनर लगे हुए हैं।

इस बीच एआईएडीएमके ने कहा कि दीपा ने पार्टी में शामिल होने के लिए कोई प्रयास नहीं किया है।

पार्टी प्रवक्ता अवदी कुमार ने आईएएनएस से कहा, “एआईएडीएमके का सदस्य बनने के लिए पार्टी की एक प्रक्रिया है। कोई भी व्यक्ति पार्टी का सदस्य बनने के लिए आवेदन कर सकता है, लेकिन पार्टी का महासचिव तय करता है कि किसी आवेदक को सदस्यता दी जाए या नहीं।”

कुमार ने आगे कहा, “अगर दीपा किसी मांग के साथ आती हैं तब यह एक मुद्दा हो सकता है।”

उन्होंने कहा कि जयललिता के निधन के बाद पार्टी ने नया सदस्यता कार्ड जारी करना अस्थाई रूप से बंद कर दिया है।

प्रवक्ता ने कहा कि वी.के. शशिकला के महासचिव बनने के बाद सदस्य बनाने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।

दीपा की सदस्यता को लेकर टिप्पणी करने से मना करते हुए उन्होंने कहा कि यह फैसला शशिकला करेंगी।

कुमार ने आगे कहा, “कोई भी व्यक्ति नई राजनीतिक पार्टी बना सकता है। लेकिन तमिलनाडु में डीएमके या एआईएडीएमके के अलावा किसी तीसरी पार्टी को सत्ता हासिल करना संभव नहीं है।”

उधर, राजनीतिक विश्लेषक सुमंत रमन ने दीपा से नई पार्टी बनाने का अनुरोध किया है।

रमन ने आईएएनएस से कहा, “अगर वह राजनीति में प्रवेश करना चाहती हैं तो मैं नहीं समझता कि वह अगला कदम उठाने में देर क्यों कर रही हैं। उनके लिए नई पार्टी बनाना ही एक मात्र विकल्प है।”

रमन का मानना है शशिकला उनके एआईडीएमके में प्रवेश पर वीटो लगा देंगी। वह पार्टी के अंदर एक और शक्ति केंद्र निर्मित होने की इजाजत नहीं देंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493