जयललिता ने बाढ़ पीड़ितों के लिए विशेष अनुदान मांगा

चेन्नई, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे.जयललिता ने राज्य में भीषण बाढ़ से पीड़ित हुए लोगों के पुनर्वास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अतिरिक्त विशेष अनुदान मुहैया कराने का सोमवार को आग्रह किया है।

जयललिता ने मोदी को लिखे पत्र में कहा है कि मोदी केंद्रीय शहरी विकास, आवास और शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्रालय को इसके लिए आवश्यक निर्देश दें।

जयललिता ने 50,000 बाढ़ प्रभावितों के पुनर्वास के लिए 5,000 करोड़ रुपये अनुदान का आग्रह किया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उनके घरों के लिए भूमि प्रदान करेगी।

इसके अलावा जयललिता ने चेन्नई के महानगरीय इलाके में मलिन बस्तियों में रहने वालों तथा बाढ़ की सर्वाधिक मार झेल रहे लोगों के लिए 50,000 आवास बनाने के लिए 750 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की मांग भी की है।

मुख्यमंत्री जयललिता ने यह भी कहा है कि उनकी सरकार ने झुग्गी बस्तियों में बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्निर्माण के लिए एक लाख रुपए का योगदान करेगी।

जयललिता ने 23 नवंबर को मोदी को एक ज्ञापन भेजा था, जिसमें उन्होंने बाढ़ राहत के लिए 8,481 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता का आग्रह किया था, और 2,000 करोड़ रुपये की तत्काल राहत की मांग की थी।

इसके बाद केंद्र सरकार के एक दल ने बाढ़ से हुई तबाही का सर्वेक्षण किया था।

दल के दौरे के बाद भी चेन्नई, कांचीपुरम, कुड्डालोर और तिरुवल्लूर में भारी बारिश हुई, जिसके कारण अभूतपूर्व बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई।

राज्य में आई भीषण बाढ़ के कारण एक अक्टूबर से अब तक 347 लोगों की मौत हो चुकी है और 17.64 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के बाद 1,000 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की घोषणा की थी। इससे पहले प्रधानमंत्री राज्य के लिए अलग से 940 करोड़ रुपये की घोषणा कर चुके थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493