जरूशलम, 26 फरवरी (आईएएनएस)। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन के पूर्वी जरूशलम संबंधी बयान की निंदा की है।
कैमरन ने बुधवार को पूर्वी जरूशलम में इजरायल द्वारा यहूदी बस्तियों के विस्तार की आलोचना की थी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, नेतन्याहू ने गुरुवार को कैमरन पर निशाना साधते हुए कहा कि वह यह भूल रहे हैं कि इजरायली नियंत्रण, कट्टरपंथी इस्लाम से पवित्र शहर की सुरक्षा कर रहा है।
इजरायल के दक्षिण में स्थित ओफाकिम शहर में अपनी लिकुड पार्टी के सम्मेलन में नेतन्याहू ने कहा, “नि:संदेह कैमरन इजरायल के मित्र हैं लेकिन वह जरूशलम के बारे में कुछ बुनियादी तथ्यों को भूल गए हैं।”
उन्होंने कहा, “जरूशलम में इजरायली संप्रभुता ही पवित्र स्थलों की इस्लामिक स्टेट और हमास से रक्षा कर रही है।”
कैमरन ने बुधवार को पूर्वी जरूशलम में इजरायल द्वारा किए जा रहे निर्माण की आलोचना की थी।
कैमरन ने ब्रिटिश संसद में एक प्रश्न सत्र के दौरान कहा, “मुझे इजरायल का मजबूत मित्र माना जाता है। लेकिन, मुझे पहली बार यह कहना पड़ रहा है कि मैंने जरूशलम की यात्रा की, इस सुंदर शहर का पूरा दौरा किया और देखा कि पूर्वी जरूशलम, कब्जा किए गए पूर्वी जरूशलम, को किस तरह से चारों तरफ से घेर लिया गया है। यह काफी आश्चर्यजनक है।”
इजरायल ने 1967 के मध्य पूर्व युद्ध के दौरान पश्चिमी तट और गाजा पट्टी पर कब्जा कर लिया था और बाद में पूर्वी जरूशलम पर कब्जा कर लिया था। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने इसकी तीखी निंदा की थी।
फिलिस्तीनी इलाकों में यहूदी बस्तियों का निर्माण अंतर्राष्ट्रीय कानून के तहत अवैध है। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय इसका विरोध करता है। उसका कहना है कि इस तरह के निर्माण से इजरायल के साथ फिलिस्तीन राष्ट्र के निर्माण में दिक्कत आएगी।
dharmpath.com dharmpath