जर्मनी मर्केल के नेतृत्व में विशेष ब्रेक्जिट समिति का गठन करेगा

बर्लिन, 13 जनवरी (आईएएनएस)। जर्मन सरकार ने शुक्रवार को घोषणा की कि यूरोपीय संघ से ब्रिटेन की विदाई पर चर्चा करने और दोनों देशों के बीच वार्ता की तैयारी के लिए वह चांसलर एंजेला मर्केल के नेतृत्व में एक विशेष समिति गठित करेगी।

समाचार एजेंसी एफे न्यूज के अनुसार, एक पत्रकार सम्मेलन के दौरान सरकार के प्रवक्ता स्टीफेन सीबर्ट ने कहा कि ब्रिटेन के साथ तब तक वार्ता शुरू नहीं होगी जब तक ब्रिटिश सरकार औपचारिक रूप से यूरोपीय संघ की लिस्बन संधि के अनुच्छेद 50 को सक्रिय करने की घोषणा नहीं करती है। इसके बाद ही ब्रेक्जिट वार्ता प्रक्रिया शुरू होगी।

हालांकि सीबर्ट ने जोर देकर कहा कि “हमें तैयार रहना चाहिए।”

समिति की पहली बैठक का उद्देश्य यूरोपीय संघ के बारे में संगठनात्मक दृष्टि से एक आम योजना बनाना है और इसकी भावी वार्ताओं में जर्मनी के हितों का पता लगाना है।

समिति में मर्केल के सहयोगी दल सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी के दो सदस्य वाइस चांसलर एवं आर्थिक मंत्री सिगमार गेब्रिएल और विदेश मंत्री फ्रैंक-वाल्टर स्टीनमीअर भी शामिल होंगे। इनके अलावा भी कई विभागों के मंत्री इसमें शामिल हैं।

यूरोपीय संघ से एक सदस्य देश के अलग होने को अभूतपूर्व बताते हुए प्रवक्ता ने कहा, “विशेष परिस्थितियां विशेष प्रतिक्रियाओं की मांग करती हैं।”

सीबर्ट ने कहा कि यूरोपीय संघ के देश निर्णय को लेकर ब्रिटिश सरकार की विशेष अधिसूचना की संयम से प्रतीक्षा कर रहे हैं जिसे प्रधानमंत्री थेरेसा मे के अनुसार, इस साल मार्च महीने के अंत से पहले जारी करने की तैयारी है।

उन्होंने कहा कि ब्रिटेन को स्पष्ट करना चाहिए कि यूरोपीय संघ के साथ अपने संबंधों को लेकर वह क्या चाहता है और उसकी क्या अपेक्षाएं हैं?

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493