एंग्लो-इंडियन समुदाय के प्रतिनिधि नकवी से मिले

नई दिल्ली, 13 जनवरी (आईएएनएस)। अल्पसंख्यक मामलों के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और संसदीय कार्य राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि केंद्र सरकार समाज के हर वर्ग के समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

एंग्लो-इंडियन समुदाय के साथ शुक्रवार को यहां एक बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गो के सामाजिक-आर्थिक-शैक्षिक सशक्तिकरण के लक्ष्य को पूरा करने के लिए काम कर रही है।

नकवी ने कहा कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय सभी अल्पसंख्यकों के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू कर रहा है। उन्होंने कहा, “सशक्तीकरण बिना तुष्टिकरण’ हमारा मूल मंत्र है। समाज के निर्धन और कमजोर वर्गो के कल्याण के लिए निधि की कोई कमी नहीं है।”

नकवी ने कहा कि वास्तव में एंग्लो-इंडियन समुदाय की आबादी बहुत कम है, लेकिन इस समुदाय ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा, “समुदाय को अल्पसंख्यक वर्ग से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का सर्वाधिक लाभ उठाना चाहिए। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय पांच विश्वस्तरीय शैक्षिक संस्थान स्थापित कर रहा है और इस निर्णय से एंग्लो-इंडियन समुदाय को भी फायदा होगा।”

एंग्लो-इंडियन समुदाय के प्रतिनिधियों द्वारा अपने समुदाय के सामाजिक-आर्थिक-शैक्षिक सशक्तिकरण के संबंध में दिए गए सुझावों को ‘सकारात्मक, रचनात्मक और लाभप्रद’ बताते हुए नकवी ने समुदाय के सदस्यों को आश्वस्त किया कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय उनके सुझावों पर गंभीरता से चर्चा करेगा।

बैठक में मनोनीत एंग्लो-इंडियन सांसद प्रो. रिचर्ड हे और जॉर्ज बेकर सहित मनोनीत विधायक एल्विस स्टीफेनसन (तेलंगाना), विनिशा नीरो (कर्नाटक), फिलिप टोचर (आंध्र प्रदेश), ग्लेन जोसेफ (झारखंड), ऑल इंडिया एंग्लो-इंडियन एसोसिएशन के अध्यक्ष बैरी ओश्ब्रियां सहित समुदाय के अन्य विशिष्टजन भी मौजूद थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493