बर्लिन, 15 नवंबर (आईएएनएस)। जर्मन सरकार ने एक प्रमुख रूढ़िवादी इस्लामिक संगठन पर प्रतिबंध लगा दिया है और इस संबंध में देश के 10 संघीय राज्यों में 190 जगहों पर छापेमारी की है।
समाचार एजेंसी एफे न्यूज के अनुसार, गृह मंत्री थॉमस डी माइजिएर ने सोमवार को ‘द ट्र रेलिजन ग्रुप’ पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया। यह संगठन इस्लाम के सुन्नी संप्रदाय के अति रूढ़िवादी सलफी विचारधारा का अनुयायी है। असंविधानिक और आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के साथ इसके कुछ सदस्यों के संबंध होने के संदेह के आधार पर प्रतिबंध लगाया गया है।
गृह मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि “संगठन में शामिल रहे कम से कम 140 युवा बाद में इराक और सीरिया चले गए।”
बयान में कहा गया कि ‘द ट्र रेलिजन ग्रुप’ अधिनायकवादीविचारधारा का समर्थन, सशस्त्र जिहाद का बचाव और इराक तथा सीरिया जाने को इच्छुक लोगों की जिहादी भर्ती करता है।
बर्लिन, बेवेरिया, हैम्बर्ग, ब्रेमेन और लोअर सैक्सनी इलाकों में सलाफी गुट से संबंधित मस्जिदों समेत करीब 100 घरों, कार्यालयों और इस्लामिक केंद्रों पर छापेमारी के लिए सैकड़ों पुलिस कर्मी बुलाए गए थे।
द ट्र रेलिजन आन्दोलन का नेतृत्व फिलिस्तीन में जन्मा उपदेशक इब्राहिम अबू नेगी करता है। वह देश के प्रमुख शहरों में कुरान की मुफ्त प्रतियां बांटने के लिए जर्मनी के कुछ भागों में मशहूर है।
जर्मन खुफिया सेवाओं के अनुमान के मुताबिक, देश में करीब 9200 लोग कट्टर इस्लाम के अनुयायी हैं जिनमें 1200 को संभावित खतरनाक और धर्म के नाम पर हमले करने के लिए सक्षम माना जाता है।
उधर, अधिकारियों ने अनुमान लगाया है कि आईएस में शामिल होने के लिए करीब 870 लोग जर्मनी छोड़कर सीरिया और इराक चले गए हैं।
dharmpath.com dharmpath