बोर्डेक्स (फ्रांस), 3 जुलाई (आईएएनएस)। इटली के कप्तान व गोलकीपर गियानलुइजी बुफोन का कहना है कि यूरोपियन फुटबाल चैम्पियनशिप 2016 के क्वार्टर फाइनल में जर्मनी के हाथों मिली हार के कारण अंतिम चार में जगह न बना पाने के लिए वह क्षमाप्रार्थी हैं।
जर्मनी ने शनिवार को हुए मुकाबले में इटली को पेनल्टी शूटआउट में 6-5 से मात देते हुए टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई।
जिस पेनल्टी ने इटली की हार और जर्मनी की जीत पुर मुहर लगाई, वह बुफोन के हाथ को छूकर नीचे से निकल गई। इसके बार बुफोन अपने आंसू नहीं रोक सके।
‘राई स्पोर्ट्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, बुफोन ने कहा, “इस हार पर रोने के लिए हर किसी के अपना कारण हैं। मैं माफी मांगना चाहता हूं, क्योंकि हम अंतिम चार में जाने के योग्य थे और इसका भरोसा हमने सभी को दिलाया था।”
बुफोन ने कहा, “एक टीम के लिए तीन पेनल्टी शूटआउट पर गोल करने से चूकना काफी दुर्लभ बात है और यह जीतने के लिए पर्याप्त नहीं है।”
इटली के कप्तान ने कहा कि उन्हें अपनी टीम पर गर्व है, जिसने इस टूर्नामेंट मे काफी बेहतरीन तरीके से खेला और बेल्जियम तथा स्पेन जैसी टीमों को मात दी।
उन्होंने कहा, “खेद तब होता है, जब आपको पता हो कि इस खेल में पूरी शिद्दत से नहीं खेला गया, लेकिन यह ऐसा मामला नहीं है। हम एक बेहतरीन स्तर पर जाने से केवल एक कदम दूर थे।”
इटली के 38 वर्षीय कप्तान ने कहा, “मैं हमारी टीम के साथ हमेशा खड़े रहने वाले प्रशंसकों के लिए काफी दुखी हूं। हमे हराना काफी मुश्किल था, लेकिन इस बार भाग्य हमारे साथ नहीं था।”
dharmpath.com dharmpath