बर्लिन, 14 मार्च (आईएएनएस)। मार्को रेउस और शिनजी कागावा के गोलों की मदद से डार्टमंड ने रविवार को खेले गए जर्मन लीग मुकाबले में मेंज को 2-0 से हरा दिया।
इसी तरह रविवार को लेवरकुसेन को भी जीत मिली लेकिन यह जीत उसे अपने किसी खिलाड़ी की मदद से नहीं बल्कि एफसी हैम्बर्ग के खिलाड़ी एल्बिन एकडाल के आत्मघाती गोल की मदद से मिली।
डार्टमंड ने मेंज को हराने के साथ खिताब की दौड़ में शामिल बायर्न म्यूनिख का पीछा नहीं छोड़ा है। यह मैच डार्टमंड के लिए खास था क्योंकि इसे देखने के लिए सिगनल लुडुना पार्क में 81 हजार दर्शक पहुंचे।
इस जीत के बाद भी हालांकि डार्टमंड तालिका में नम्बर-1 पर विराजमान बायर्न से आठ अंक पीछे है। दूसरी ओर, मेंज पांचवें से छठे स्थान पर खिसक गया है। उसे इस सीजन में 10वीं हार मिली है।
लेवरकुसेन ने एकडाल द्वारा 18वें मिनट में किए गए आत्मघाती गोल की मदद से इस सीजन में बीते पांच मैचों में से पहली जीत दर्ज की।
हार ने हैम्बर्ग को 12वें स्थान पर खिसका दिया है जबकि लेवरकुसेन सातवें स्थान पर पहुंच गया है। अब उसकी नजर जर्मन लीग में शीर्ष-6 में जगह बनाने पर है, जिसके माध्यम से वह यूरोपा लीग का टिकट हासिल कर सके।
dharmpath.com dharmpath