जल संरक्षण, प्रदूषण चित्रकला प्रतियोगिता

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय भूजल बोर्ड जल संरक्षण और प्रदूषण विषय पर कक्षा छठी, सातवीं और आठवीं के विद्यार्थियों के लिए 8वीं राष्ट्रीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन करेगा। इस वर्ष की चित्रकला प्रतियोगिता की विषय-वस्तु है, ‘जल का उपयोग सावधानी से करें – आने वाली पीढ़ी को बचाएं।’

मंत्रालय की तरफ से जारी एक बयान के अनुसार, विद्यालयों के प्रधानाचार्यो से अनुरोध किया गया है कि वे कक्षा छठी, सातवीं और आठवीं के विद्यार्थियों के लिए उपरोक्त विषय पर दो घंटे की अवधि की चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित करें और इसके लिए ए-4 आकार के कागज को प्राथमिकता दें।

बयान के अनुसार, प्रधानाचार्य तीन सर्वश्रेष्ठ चित्रकलाओं का चयन करेंगे और 15 दिसम्बर, 2017 से पूर्व, कुल प्रतिभागियों की सूची के साथ इन्हें नोडल अधिकारी को भेजेंगे। चित्रकला के पिछले भाग में विद्यार्थी का नाम, पिता/माता का नाम, कक्षा, विद्यालय का नाम और डाक पता, संपर्क सूत्र, आधार संख्या, ई-मेल आईडी, विद्यालय का पता और प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर होने चाहिए।

बयान में कहा गया है कि जिन विद्यार्थियों ने पूर्व प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार जीते हैं, वे इस प्रतियोगिता में प्रतिभागिता के योग्य नहीं हैं। सांत्वना पुरस्कार विजेता इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं, किंतु उनकी उम्मीदवारी केवल राज्यस्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी में पुरस्कारों के लिए ही मान्य होगी।

बयान में कहा गया है कि जनवरी 2018 में एक निर्णायक मंडल द्वारा विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता से भेजी गई प्रविष्ठियों में से 50 श्रेष्ठ चित्रकला प्रविष्ठियों का चयन किया जाएगा। राज्यस्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के प्रत्येक प्रतिभागी को 1000 रुपये नकद दिए जाएंगे। प्रतिभागियों के साथ माता-पिता/संरक्षकों को भी घर से प्रतियोगिता स्थल तक के लिए साधारण बस/शयनयान श्रेणी के रेल किराए का भुगतान किया जाएगा।

बयान के अनुसार, राज्यस्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार विजेताओं को आगामी फरवरी-मार्च, 2018 में आयोजित होने वाली राष्ट्र स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए दिल्ली आमंत्रित किया जाएगा। राज्य/राष्ट्र स्तरीय पुरस्कार विजेताओं को उसी दिन नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

बयान के अनुसार, राज्य/केंद्र शासित प्रदेश स्तर : प्रथम पुरस्कार 5000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 3000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 2000 रुपये और सांत्वना पुरस्कार 1000 रुपये प्रत्येक।

राष्ट्रीय स्तर : प्रथम पुरस्कार 50,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 25,000 रुपये (चार), तृतीय पुरस्कार 10,000 रुपये (पांच) और 83 सांत्वना पुरस्कार 5000 रुपये प्रत्येक।

सभी प्रतिभागियों के लिए आधार संख्या अनिवार्य है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493