जाट आंदोलन से चिंतित केजरीवाल ने राजनाथ, खट्टर से बात की

नई दिल्ली, 20 फरवरी (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा में चल रहे जाट आंदोलन को लेकर शनिवार को चिंता जताई। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता ने इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से बातचीत की।

केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा था कि वह राष्ट्रीय राजधानी में पानी की आपूर्ति को लेकर चिंतित हैं।

केजरीवाल ने बाद में कई ट्वीट के जरिये बताया कि राजनाथ और खट्टर दोनों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि दक्षिणी दिल्ली को पानी की आपूर्ति करने वाली मुनाक नहर पर सेना को भेजा जा रहा है।

केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा, “राजनाथ जी से बात की और उन्हें इस गंभीर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया है कि मुनाक नहर पर सेना को भेजा जा रहा है।”

हरियाणा के मुख्यमंत्री से हुई बातचीत के बारे में केजरीवाल कहा, “उन्होंने (खट्टर) भी आश्वासन दिया है कि वह मुनाक नहर की सुरक्षा के लिए सेना को तत्काल भेजेंगे।”

उल्लेखनीय है कि सरकारी नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में आरक्षण की मांग कर रहे जाट समुदाय के आंदोलन के कारण हरियाणा उबाल पर है।

रोहतक इससे सबसे अधिक प्रभावित हुआ है, जहां शुक्रवार रात भी लूटपाट और आगजनी की घटनाएं हुईं और अनियंत्रित भीड़ ने मॉल्स, दुकानों और अन्य इमारतों पर हमला कर दिया तथा कई में आग लगा दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493