जाट आंदोलन से दिल्ली में जलसंकट

नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)। पड़ोसी राज्य हरियाणा में चल रहे जाट आंदोलन के कारण दिल्ली में जलसंकट गहरा गया है। राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में पानी की किल्लत पहले से ही थी। अब जाट आंदोलनकारियों द्वारा मुनक नहर का पानी रोक दिए जाने के कारण दिल्ली के सातों जलशोधन संयंत्र ठप्प पड़ गए हैं।

दिल्ली के जल संसाधन मंत्री कपिल मिश्रा ने रविवार की शाम मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि सरकार शाम के समय जलापूर्ति नहीं कर सकी।

उन्होंने कहा, “संयंत्रों में पानी पूरी तरह खत्म हो जाने के कारण हम उत्तरी, मध्य और पश्चिमी दिल्ली में पाइप लाइन से पानी की आपूर्ति नहीं कर पाए। प्रभावित इलाकों में हम लोगों को सोमवार सुबह टैंकरों से पानी मुहैया कराएंगे।”

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार सुबह दिल्लीवासियों से पानी बचाने की अपील की थी और कहा था कि उन्हें कम से कम एक या दो दिन अपने बचाए पानी पर ही निर्भर रहना पड़ सकता है।

उन्होंने दिल्ली में जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति बहाल करने की जरूरत बताते हुए इस संबंध में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से बात की है।

केजरीवाल ने जलसंकट के कारण सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के सभी स्कूलों को बंद रखने की घोषणा भी की है।

जलसंकट से पश्चिमी दिल्ली सबसे ज्यादा प्रभावित है, सोमवार को अन्य हिस्सों में भी पानी की घोर किल्लत होने की संभावना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493