इस्लामाबाद, 25 दिसंबर (आईएएनएस)। जासूसी के कथित आरोप में पाकिस्तान की जेल में बंद भारतीय नौसेना के पूर्व कमांडर कुलभूषण जाधव की मां और पत्नी उनसे मिलने के लिए सोमवार को इस्लामाबाद पहुंच गईं।
जियो न्यूज से प्राप्त शुरुआती जानकारियों के मुताबिक, जाधव की मां अवंति और पत्नी दुबई से होते हुए इस्लामाबाद पहुंचीं। वह यहां सोमवार को ही विदेश कार्यालय में जाधव से मुलाकात करेंगी और सोमवार को ही भारत के लिए रवाना हो जाएंगी।
विदेश कार्यालय के प्रक्ता ने बताया कि इस मुलाकात के दौरान पाकिस्तान में भारत के उपउच्चायुक्त जे.पी.सिंह भी मौजूद रहेंगे। यह मुलाकात आधे घंटे तक चलेगी।
इस मुलाकात से पहले विदेश कार्यालय की इमारत की ओर जाने वाली सड़कों को बंद कर दिया गया है।
पूर्व नौसेना अधिकारी कुलभूषण जाधव को तीन मार्च 2016 को गिरफ्तार किया गया था। उन पर जासूसी और आतंकवाद के आरोप लगाए गए थे, जिसके बाद पाकिस्तान की सैन्य अदालत ने उन्हें मृत्युदंड की सजा सुनाई थी।
जाधव पर पाकिस्तान द्वारा लगाए जा रहे कथित जासूसी के आरोपों पर भारत सरकार जाधव को निर्दोष बताती रही है।
dharmpath.com dharmpath