जान खतरे में, इस्तीफा मांगा जा रहा : शशिकला

नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। आल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) की राज्यसभा सदस्य शशिकला पुष्पा ने सोमवार को कहा कि उनकी जान को खतरा है और उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के नेता तिरुचि शिवा को शनिवार को यहां थप्पड़ मारने की वजह से सुर्खियों में आईं शशिकला ने कहा, “तिरुचि शिवा ने मुझसे बिना शर्त माफी मांगी है। मेरी पार्टी के नेता के खिलाफ ऐसा कुछ कहा गया, जिसके कारण मैंने ऐसा व्यवहार किया।”

शशिकला ने उस घटना के बारे में विस्तार से कुछ नहीं कहा, लेकिन कहा कि तमिलनाडु में महिलाओं की कोई सुरक्षा नहीं है।

उन्होंने कहा, “मेरी जान को खतरा है। मेरे नेता की ओर से मुझे संवैधानिक पद से इस्तीफा देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। मैं अपने नेता के प्रति बहुत कृतज्ञ हूं।”

उन्होंने आगे कहा, “वे लोग मुझे पद से इस्तीफा देने के लिए मजबूर कर रहे हैं। लेकिन मैं ऐसा नहीं करूंगी। महिलाओं के लिए सुरक्षा कहां है? मुझे परेशान किया जा रहा है।” किसी का नाम लिए बगैर शशिकला ने कहा, “मुझे कल उन्होंने (महिला) काफी फटकार लगाई।”

खबरों के मुताबिक, शशिकला रविवार को अन्नाद्रमुक की महासचिव जयललिता के आवास पर गई थीं।

शशिकला ने कहा, “तमिलनाडु में मेरी कोई सुरक्षा नहीं है.. मुझे सुरक्षा की जरूरत है।” शशिकला ने यह बात कही, लेकिन अन्नाद्रमुक के अन्य सदस्यों ने इसका विरोध किया।

इस बीच उन्हें अन्य विपक्षी दलों का समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि हर सदस्य को अपनी सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा उठाने का हक है।

राज्यसभा के उपसभापति पी. जे. कुरियन ने उन्हें इस मुद्दे के बारे में सभापति को लिखने के लिए कहा।

शशिकला को जयललिता का करीबी बताया जाता है।

केंद्रीय मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने इस मुद्दे पर कहा कि इस मुद्दे पर चर्चा से सदन की गरिमा नहीं बढ़ने जा रही है।

नायडू ने कहा, “एक सदस्य ने दूसरे सदस्य के साथ व्यवहार करने में गलती की। उन्होंने माफी मांग ली। दो दिनों से संसद की छवि दांव पर लगी है। मैं इस मुद्दे को नहीं उठाऊंगा, क्योंकि उन्होंने(शशिकला ने) खेद जताया है। इस इस मुद्दे को समाप्त किया जाना चाहिए।”

मंत्री ने कहा, “सबसे अच्छा तरीका सभापति को लिखना है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493