नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय अंडर-16 फुटबाल टीम के मुख्य कोच बिबियानो फर्नाडीस ने कहा कि जापान के खिलाफ 36 साल बाद गोल करना उनकी टीम के लिए ऐतिहासिक है।
अम्मान के किंग अब्दुल्ला-2 स्टेडियम में शुक्रवार को भारत ने डब्ल्यूएएफएफ अंडर-16 चैंपियनशिप के मैच में जापान के खिलाफ एक गोल किया। हालांकि, भारत को मैच में 1-2 से हार झेलनी पड़ी। जापान के खिलाफ आखिरी बार तीन सितम्बर 1981 को कुआलालंपुर में हुए मेडेर्का ट्रॉफी में शब्बीर अली और मनोरंजन भट्टाचार्य ने गोल किया था।
अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ ने बिबियानो के हवाले से बताया, “गोल काफी समय बाद हुआ मुझे इस बारे में जानकारी नहीं थी। वह गोल हम सभी के लिए विशेष था और एक कोच के रूप में इससे आपको संतुष्टि मिलती है।”
बिबियानो ने कहा, “हम शुरू से ही आत्मविश्वास के साथ खेल रहे थे और बढ़त बनाने के बाद बेंच पर सभी उत्साहित हो गए। वह हम सभी के लिए ऐतिहासिक क्षण था।”
उन्होंने यह भी माना कि इस प्रदर्शन के बाद प्रशंसकों को भरोसा होगा कि भारत का भविष्य सही हाथों में है।
बिबियानो ने कहा, “जापान के खिलाफ हमारे बेहतरीन प्रदर्शन के कारण केवल टीम ही नहीं बल्कि प्रशंसकों में भी यह भरोसा पैदा होगा कि हम खेल सकते हैं।”
भारत का अगला मुकाबला रविवार को ईरान से होगा।
dharmpath.com dharmpath