जावड़ेकर ने किया जम्मू में आईआईटी परिसर का उद्घाटन

जम्मू, 6 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के जम्मू परिसर का उद्घाटन किया।

जम्मू के नग्रोटा इलाके में 500 एकड़ में फैले आईआईटी परिसर का उद्घाटन जम्मू एवं कश्मीर की जनता के लंबे समय से लंबित मांग का पूरा होना है।

अपनी कड़ी मेहनत एवं प्रतिस्पर्धा के दम पर इस आईआईटी में पहुंचे छात्रों को बधाई देते हुए जावड़ेकर ने कहा, “आईआईटी जम्मू इस पूरे क्षेत्र को शिक्षा के केंद्र में बदल देगा। यह जम्मू एवं कश्मीर में देश की बौद्धिक क्षमता का ध्वज वाहक बनेगा।”

मंत्री ने कहा, “आप लोग उन विशेषा अधिकार प्राप्त लोगों में हैं जो महत्वाकांक्षी ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम को बढ़ावा देंगे।”

उन्होंने कहा कि सरकार आईआईटी में दाखिला की इच्छा रखने वालों छात्रों की कोचिंग एवं मार्गदर्शन के लिए एक आईआईटी पावर कार्यक्रम शुरू करने पर विचार कर रही है। इससे उन्हें इन अग्रणी संस्थानों में प्रवेश पाने का सपना पूरा कर पाने में मदद मिलेगी।

जावड़ेकर ने जम्मू एवं कश्मीर की गर्मियों की राजधानी में शोध के संरचनागत सुविधा प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) को 100 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री जीतेंद्र सिंह भी मौजूद थे।

जीतेंद्र सिंह ने कहा, “आईआईटी जैसे अग्रणी संस्थान का खुलना राज्य के विकास में एक नया अध्याय है और जम्मू-कश्मीर को शिक्षा के एक हब के रूप में बढ़ाने के सपने को हकीकत में तब्दील करने की दिशा में एक कदम है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493