संयुक्त राष्ट्र, 18 अगस्त (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र (यूएन), अमेरिका की विश्वविख्यात दूरसंचार कंपनी ए टी एंड टी से जासूसी के एक मामले में जानकारी लेने के लिए संपर्क करेगा।
इस आशय की रिपोर्ट सामने आई है कि कंपनी ने अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) को संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में ऑनलाइन संदेशों को टैप करने में मदद दी थी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने सोमवार को यूएन की प्रवक्ता वनिना मायस्तराकी के हवाले से यह खबर दी। उन्होंने कहा, “ए टी एंड टी से संपर्क किया जाएगा।”
मायस्तराकी ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय कानून के तहत यूएन की पवित्रता एक सर्वमान्य तथ्य है। हम अपने सदस्य देशों से यह उम्मीद करते हैं कि वे इसी के अनुसार आचरण करेंगे और इसकी पवित्रता का सम्मान तथा रक्षा करेंगे। “
मायस्तराकी ने कहा कि अमेरिका पहले यह वादा कर चुका है कि वह यूएन के संदेशों पर निगाह नहीं रखेगा।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने इस सिलसिले में खबर प्रकाशित की है। इसमें कहा गया है कि ए टी एंड टी ने अमेरिकी संस्था एनएसए को यूएन के ऑनलाइन संदेशों समेत इंटरनेट पर मौजूद तमाम तरह की सामग्री की जासूसी करने में मदद दी थी। खबर में कहा गया है कि यह नहीं पता चल सका है कि यह काम अभी भी चल रहा है या नहीं।
ए टी एंड टी के प्रवक्ता ब्रैड बर्न्स ने न्यूयॉर्क टाइम्स की खबर पर कहा, “हम बिना अदालत के आदेश के किसी भी जांच प्राधिकारी को कोई सूचना नहीं देते। इसका सिर्फ यही अपवाद है कि किसी की जान खतरे में न हो। “
dharmpath.com dharmpath