‘जीएसटी के क्रियान्वयन की तैयारी पूरी नहीं’

कोलकाता, 30 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के वित्तमंत्री अमित मित्रा ने मंगलवार को कहा कि एक जुलाई से देशभर में लागू करने के लिए वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की तैयारी पूरी नहीं है।

जीएसटी मामले पर अधिकार प्राप्त समिति के चेयरमैन मित्रा ने कहा कि नई कर प्रणाली (जीएसटी) को एक जुलाई से लागू नहीं किया जाना चाहिए।

मित्रा ने यहां पत्रकारों से कहा, “अभी जीएसटी पूरी तरह तैयार नहीं हो सका है, इसके नियम और रूपरेखा भी पूरी तरह तैयार नहीं हैं। ऐसे में जीएसटी को लागू करने के लिए एक जुलाई की तारीख को अभी निर्धारित नहीं किया जाना चाहिए।”

उन्होंने आशंका व्यक्त की कि देश के लघु एवं मध्यम उद्योग अभी जीएसटी के अनुरूप ढलने के लिए तैयार हो चुके हैं और उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल अनेक वस्तुओं पर प्रस्तावित कर की दरों में कटौती चाहता है।

उन्होंने कहा, “जब तक जीएसटी पर सर्वसम्मति नहीं बन जाती और उससे जुड़ी सभी समस्याओं का समाधान नहीं खोज लिया जाता, इस विधेयक को बंगाल विधानसभा में पेश नहीं किया जाएगा।”

उदाहरण देते हुए मित्रा ने कहा कि काजू पर प्रस्तावित 12 फीसदी कर को लेकर विवाद बना हुआ है।

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, “उन्होंने (केंद्र) कहा है कि जूतों पर 12 फीसदी का टैक्स लगेगा। हमने वहीं सुझाव दिया है कि 500 रुपये कीमत तक के जूतों को कर मुक्त किया जाए। गरीबों द्वारा पहनी जाने वाली चप्पल पर कर क्यों लगे?”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493