जीएसटी पर जागरूकता के लिए उद्योगों से संपर्क करेंगे : जेटली

नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने बुधवार को कहा कि सरकार वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू करने के लिए तैयार है और वह इस संबंध में एक अप्रैल से उद्योग जगत से संपर्क शुरू करेगी, ताकि नई व्यवस्था के बारे में उन्हें जागरूक किया जा सके।

हालांकि, जेटली ने जीएसटी लागू करने की तारीख को लेकर कोई जानकारी नहीं दी।

जेटली ने लोकसभा में वित्त वर्ष 2017-18 का बजट पेश करते हुए कहा, “जीएसटी परिषद ने सभी मुद्दों पर अंतिम सुझाव जुटा लिए हैं। हम एक अप्रैल से उद्योग जगत से संपर्क शुरू करेंगे, ताकि इसे लेकर उनमें जागरूकता बढ़ाई जा सके।”

उन्होंने कहा, “जीएसटी पर प्रारंभिक कार्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। इस दिशा में केंद्र और राज्यों की कई टीमें काम कर रही हैं।”

उन्होंने कहा कि वह उत्पाद एवं सीमा शुल्क में बहुत बदलाव नहीं कर रहे हैं, क्योंकि इनके स्थान पर जल्द ही जीएसटी लागू किया जाएगा।

जेटली ने कहा कि जीएसटी लागू होने से केंद्र और राज्यों का राजस्व बढ़ेगा और इससे प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा मिलेगा।

जीएसटी परिषद ने कर की दरें तय करने, छूट, राज्यों को मुआवाजा, कानून का मसौदा तय करने आदि विषयों पर चर्चा के लिए नौ बैठकें की थी।

जेटली ने इससे पहले कहा था कि जीएसटी लागू करने के लिए एक जुलाई, 2017 की तारीख व्यावहारिक लग रही है। हालांकि, इससे पहले जीएसटी लागू करने की तारीख एक अप्रैल थी।

केंद्र और राज्यों के बीच जीएसटी के तहत दोहरे नियंत्रण संबंधी मुद्दे के समाधान के लिए एक फॉर्मूले पर सहमति बनी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493