टोक्यो, 27 मई (आईएएनएस)। जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने यहां शुक्रवार को जी7 शिखर सम्मेलन के समापन के बाद कहा कि जी7 सदस्य देशों के नेताओं ने माना है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था जिन संभावित खतरों का सामना कर रही है, उनका मिलकर समाधान निकालने की जरूरत है।
आबे ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था संकुचन का सामना कर रही है। अगर जोखिमों से सही तरीके से नहीं निपटा गया, तो इसके संकट में पड़ने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि जी7 के सदस्य देशों के नेताओं ने वैश्विक बाजार में मांग बढ़ाने व आर्थिक विकास को मजबूत बनाने पर सहमति जताई है।
दो दिवसीय जी7 शिखर सम्मेलन में वैश्विक अर्थव्यवस्था पर चर्चा को खास तवज्जो दिया गया।
शिखर सम्मेलन में अपनाए गए एक संयुक्त घोषणापत्र में जी7 सदस्यीय देशों के नेताओं ने दोहराया कि वैश्विक विकास ‘तात्कालिक प्राथमिकता’ है और सातों देश एक मजबूत, टिकाऊ व संतुलित विकास पैटर्न पाने के लिए ‘अधिक सशक्त एवं संतुलित नीति’ के लिए प्रतिबद्ध हैं।
dharmpath.com dharmpath