नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा है कि सरकार अंडमान निकोबार द्वीप समूह को विकसित करने तथा वहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अवसंरचना की जरूरतों को पूरा करने के साथ ही भारत के सामरिक हितों की सुरक्षा पर विचार कर रही है।
रक्षा मंत्री ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि सरकार द्वीपों पर नवीनतम पी8आई लंबी दूरी के गश्ती विमान सहित अधिक से अधिक सैन्य तैनाती पर विचार कर रही है।
पर्रिकर ने कहा, “अंडमान व निकोबार को विकसित करने की जरूरत है। द्वीपों की पर्यटन क्षमता में सुधार लाने की जरूरत है।”
उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए सामरिक रूप से महत्वपूर्ण है, इसलिए इसके संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण की जरूरत है।”
पर्रिकर ने हवाईअड्डे का विकास, रडार प्रणाली में सुधार, श्रम शक्ति की जरूरतों को पूरा करने, अवसंरचना में सुधार लाने तथा द्वीपों पर सुविधाओं को बढ़ाने सहित कई उपायों पर जोर दिया।
मंत्री ने कहा, “हमें वहां एक उचित अवसंरचना तथा पी8आई सहित अधिक से अधिक सैन्य तैनाती की जरूरत है।”
dharmpath.com dharmpath