नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्रों ने प्रशासनिक खंड की घेरेबंदी सोमवार को समाप्त कर दी, जिसके बाद अधिकारियों ने संस्थान में सामान्य कामकाज शुरू कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जेएनयू छात्र संघ के नेतृत्व में ‘कमेटी ऑफ सस्पेंडेड स्टूडेंट्स’ नामक समूह ने बीते नौ फरवरी को विश्वविद्यालयके प्रशासनिक खंड पर कब्जा कर लिया था। छात्र विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की उस अधिसूचना का विरोध कर रहे थे, जिसके अनुसार विश्वविद्यालय की नामांकन नीति में बदलाव हो सकता है, जिसके परिणामस्वरूप एम.फिल तथा पीएचडी में सीटें कम हो सकती हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, “अधिकारियों ने तत्काल अपना काम शुरू कर दिया, ताकि भारी संख्या में लंबित काम पूरे हो सकें। कई अपूरणीय क्षति हुई है, जो वर्तमान तथा भविष्य के आंदोलनकारियों को यह याद दिलाएगी कि विरोध-प्रदर्शन के गलत तरीके हमेशा हानिप्रद होते हैं।”
जेएनयू प्रशासन द्वारा दिखाए गए संयम की प्रशंसा करते हुए अधिकारियों ने कहा कि आंदोलन के कारण जेएनयू के छात्रों तथा शिक्षकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बयान के मुताबिक, “जेएनयू में शांतिपूर्ण तथा हानिरहित प्रदर्शन के माहौल का खत्म होना, जेएनयू के लिए गंभीर चिंता का विषय है और इसे खत्म करना चाहिए।”
विश्वविद्यालय प्रशासन ने मुद्दे पर शांतिपूर्ण ढंग से चर्चा के लिए संबंधित छात्रों को आमंत्रित किया है।
dharmpath.com dharmpath