नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। भारत के अग्रणी एक्टिंग स्कूलों में से एक बैरी जॉन एक्टिंग स्टूडियो (बीजेएएस) ने भारत के एकमात्र ट्रेवलिंग फिल्म फेस्टिवल, जागरण फिल्मोत्सव (जेएफएफ) के साथ बतौर नॉलेज पार्टनर हाथ मिलाया है। इसके तहत बीजेएएस, जेएफएफ के दौरान मास्टर क्लास का आयोजन करेगा।
16 शहरों में होने वाले इस फेस्टिवल में मास्टर क्लास के अंतर्गत पंजीकृत प्रतिनिधियों को जाने-माने फैकल्टी से अभिनय की बारीकियां सीखने को मिलेगी।
बैरी जॉन एक्टिंग स्टूडियो (बीजेएएस) ने शाहरुख खान, मनोज वाजपेयी, वरुण धवन, ऋचा चड्ढा, दीया मिर्जा सहित कई सितारे भारतीय फिल्म उद्योग को दिए हैं।
बीजेएएस के एक्टिंग प्रोफेशनल अभिनय का लाइव सत्र आयोजित करेंगे और फिल्म विद्यार्थियों, डेलीगेट को जाने-माने फैकल्टी के समक्ष अपना कौशल दिखाने का मंच मिलेगा।
इस सहयोग के विषय में बैरी जॉन ने बताया, “अपनी तरह के अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त जागरण फिल्म फेस्टिवल से जुड़ कर हम उत्साहित हैं। यह समारोह का आठवां वर्ष है, पिछले सात वर्षो के दौरान इस फेस्टिवल ने आवाम को न केवल मनोरंजन प्रदान किया है बल्कि अच्छा व सशक्त कंटेंट भी दिया है।”
उन्होंने कहा, “बीजेएएस अपने छात्रों को एक अंतर्राष्ट्रीय मानक के लिए पेशेवर अभिनय के साथ महान सामग्री में योगदान करने के लिए तैयार करता है। ऐसे में भारत के विभिन्न क्षेत्रों में रचनाकारों और दर्शकों के जुड़ना उत्साहवर्धक है। हम सिनेमा की चर्चा, इसकी रचना और समाज पर इसके असर पर चर्चा का हिस्सा बनने के लिए बहुत उत्सुक हैं।”
जेएफएफ का यह 8वां वर्ष होगा। यह 1 जुलाई से दिल्ली से शुरू होगा और सितंबर तक जारी रहते हुए 16 शहरों में आयोजित किया जाएगा। इनमें दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, इलाहाबाद, वाराणसी, पटना, देहरादून, रांची, इंदौर, लुधियाना, मुंबई भी शामिल हैं।
dharmpath.com dharmpath