नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। भारत में कोरिया गणराज्य के दूतावास और भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा साई-कोरियाई एम्बेसडर कप ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आगाज दिल्ली में के.डी. जाधव रेसलिंग हॉल में किया गया।
इस कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए कोरियाई-गणराज्य के राजदूत शो ह्यून, एस.ए.आई के सचिव एस.एस छावड़ा, साई के क्षेत्रीय निदेशक संजय सारस्वत और आईजी स्टेडियम की प्रशासक मंजुश्री दयानंद द्वारा की गई।
यह कार्यक्रम भारत में तायक्वोंडो खेल की लोकप्रियता को बढ़ाने के उद्देशय के साथ-साथ भारतीय एथलीटों को 2018 में होने वाले एशियाई खेलों में पदक हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु आयोजित किया गया है। इस चार दिवसीय कार्यक्रम का समापन 28 मई, 2017 को होगा।
कोरिया गणराज्य के राजदूत ह्यून ने कोरिया-भारत के गहरे रिश्तों को विस्तारित करते हुए कहा, “दोनों ही देश मिलकर अपने खेल व संस्कृति का आदान-प्रदान कर रहे है, जिसका एक उदाहरण यह चैम्पियनशिप है। इससे न केवल देशों के बीच का तालमेल प्रगढ़ होगा बल्कि साथ ही खिलाड़ियों को भी सीखने का अच्छा अनुभव प्रदान होगा। उन्होंने यह भी कहा कि, तायक्वोंडो भारत में योग के समान शरीर, आत्मा और मन के विकास के लिए आवश्यक है।”
साई के क्षेत्रीय निदेशक संजय सारस्वत ने देश के विभिन्न क्षेत्रों के सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार का सांस्कृतिक सहयोग दोनों देशों के बीच दोस्ती के संबंधों को मजबूत करेगा। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के खत्म होने के बाद चयनित खिलाड़ियों को कोरिया की ओपन चैंपियनशिप में भाग लेने का मौका दिया जाएगा।
इस प्रतियोगिता को दो भागों में विभाजित किया गया है, जिसमें एक है क्यूरूजी (लड़ाकू) और पोमेसी (सेट अनुक्रम)। इन दोनों वर्गो में साई के क्षेत्रीय केंद्रों के खिलाड़ियों भाग लिया है।
इस चैम्पियनशिप के समापन के बाद प्रथम एवं द्वितीय स्थान के विजेताओं को दो सप्ताह के लिए कोरिया में प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसके बाद खिलाड़ी ‘चुनच्यों कोरिया ओपन इंटरनेशनल तायक्वोंडो चैम्पियनशिप’ में हिस्सा लेंगे।
dharmpath.com dharmpath