नई दिल्ली, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के दिल्ली स्थित आवास के बाहर दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) में कथित भ्रष्टाचार को लेकर उनकी संलिप्तता के आरोप में विरोध-प्रदर्शन किया और उनके इस्तीफे की मांग की, जिसके बाद सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
आप विधायक सोमनाथ भारती सहित पार्टी के कई शीर्ष नेता प्रदर्शन में शामिल थे। वे ‘जेटली इस्तीफा दो’, ‘जेटली को गिरफ्तार करो’ के नारे लगा रहे थे।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व आप नेता दिलीप पांडे और पूर्व मंत्री व मौजूदा विधायक सोमनाथ भारती कर रहे थे।
प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया और पांडे व भारती सहित कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
सोमनाथ भारती ने ट्वीट किया, “संसद मार्ग (पुलिस थाने) पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ हिरासत में लिया गया।”
उन्होंने कहा, “जेटली के खिलाफ भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं, इसलिए उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।”
जेटली ने सोमवार को इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा आप के पांच अन्य नेताओं के खिलाफ 10 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा दायर किया था। उन्होंने कहा कि आप नेताओं के बयानों का असर उनकी छवि पर हुआ है।
दिल्ली सरकार ने डीडीसी में हुए कथित भ्रष्टाचार की जांच के लिए एक आयोग का गठन किया है।
dharmpath.com dharmpath