जेटली के महंगाई के बयान पर चिदंबरम का पलटवार

नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। महंगाई को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी.चिदंबरम ने शुक्रवार को वित्त मंत्री के दावे को ‘जादू-टोने वाला आंकड़ा’ करार दिया। जेटली ने गुरुवार को कहा था कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की पिछली सरकार से उन्हें विरासत में दोहरे अंकों में मुद्रास्फीति मिली थी।

चिदंबरम ने ट्वीट किया, “वित्त मंत्री ने कहा कि संप्रग सरकार मुद्रास्फीति दोहरे अंकों में छोड़कर गई थी। जून 2014 में सीपीआई (उपभोक्ता मूल्य सूचकांक) 6.77 था और डब्ल्यूपीआई (थोक मूल्य सूचकांक) 5.66 था। क्या वित्त मंत्री ने दोनों संख्याओं को जोड़ दिया है? जादू-टोने वाला आंकड़ा!”

संप्रग की पिछली सरकार में चिदंबरम वित्त मंत्री थे। साल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाला संप्रग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से हार गया था, जिसके बाद राजग सरकार सत्ता पर काबिज हुई थी।

जेटली ने गुरुवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा महंगाई के मुद्दे को उठाने के जवाब में कहा था कि संप्रग सरकार के अंतिम दो वर्षो में मुद्रास्फीति दोहरे अंकों में रही, साल 2012-13 में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक 10.2 फीसदी था।

वित्त मंत्री ने कहा कि जब भाजपा ने सत्ता संभाली, तब यह लगभग 9.5 फीसदी था, जिसे 5.77 फीसदी तक लाया गया।

जेटली ने कहा, “दो साल तक खराब मॉनसून से जूझने के बाद भी हम चीजों का दाम नियंत्रण में रखने में सक्षम रहे हैं। खराब मॉनसून के कारण ही खाद्य महंगाई दर में इजाफा हुआ है।”

कांग्रेस के सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस के सदस्य जेटली द्वारा ‘गलत आंकड़ों’ का हवाला देने के मामले को सदन के दोनों सदनों में उठाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493