नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बिहार तथा झारखंड में पत्रकारों की हत्या की निंदा की और दोषियों को सजा देने के लिए एक स्वतंत्र जांच की मांग की।
जेटली ने ट्विटर पर कहा, “मैं सिवान में पत्रकार राजदेव रंजन तथा चतरा जिले में पत्रकार अखिलेश प्रताप की हत्या की कड़ी निंदा करता हूं। दोनों मामलों की स्वतंत्र जांच कराकर दोषियों को सजा दी जानी चाहिए।”
सिवान में समाचार पत्र ‘हिंदुस्तान’ के ब्यूरो प्रमुख राजदेव रंजन की शुक्रवार रात स्टेशन रोड के निकट एक व्यस्त बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।
वहीं दूसरी घटना झारखंड की है, जहां चतरा जिले में गुरुवार रात एक पत्रकार इंद्रदेव यादव उर्फ अखिलेश प्रताप की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे एक स्थानीय टेलीविजन चैनल में संवाददाता थे।
dharmpath.com dharmpath