न्यूयार्क, 30 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की अध्यक्ष जेनेट येलेन के बयान के बाद अमेरिकी शेयर बाजारों में तेजी दर्ज की गई।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, डाऊ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 0.56 फीसदी तेजी के साथ 17,633.11 पर बंद हुआ। एसएंडपी-500 सूचकांक 0.88 फीसदी तेजी के साथ 2,055.01 पर बंद हुआ। नैसडाक कंपोजिट इंडेक्स 1.67 फीसदी तेजी के साथ 4,846.62 पर बंद हुआ।
इकनॉमिक क्लब ऑफ न्यूयार्क में अपने संबोधन में येलेन ने मंगलवार को कहा कि आने वाले वर्षो में फेड की दर में सिर्फ धीमे विकास की ही संभावना है और वैश्विक घटनाक्रमों से फेड के आर्थिक परिदृश्य से संबंधित जोखिम बढ़ा है।
येलेन ने कहा कि यद्यपि दिसंबर के बाद से बुनियादी परिदृश्य में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ है, फिर भी वैश्विक घटनाक्रमों से जोखिम के बने रहने का पता चलता है। ऐसा लगता है कि इन्हीं जोखिमों के कारण पिछले साल की गर्मियों और हाल के महीनों में वित्तीय बाजार में उतार-चढ़ाव देखा गया है।
उन्होंने कहा, “परिदृश्य के समक्ष मौजूद जोखिमों को देखते हुए मैं मानती हूं कि फेडरल ओपेन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) को मौद्रिक नीति में बदलाव करने में सावधानी बरतनी चाहिए।” एफओएमसी फेड की मौद्रिक नीति निर्मात्री समिति है।
dharmpath.com dharmpath