जेनेवा परमाणु वार्ता में अच्छी प्रगति हुई : ईरान

बगदाद, 25 फरवरी (आईएएनएस)। ईरानी विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद जारिफ ने कहा है कि जेनेवा में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई द्विपक्षीय वार्ता के कुछ मुद्दों पर अच्छी प्रगति हुई है।

प्रेसी टीवी के मुताबिक, जारिफ ने ईरानी और अमेरिकी अधिकारियों के बीच हुई दो दिवसीय उच्चस्तरीय वार्ता समाप्त होने के एक दिन बाद मंगलवार को बगदाद में इराक के विदेश मंत्री इब्राहिम अल-जाफरी के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही।

उन्होंने बताया, “हालांकि कुछ मुद्दे अभी भी बाकी हैं, जिन पर जेनेवा में अगले सप्ताह चर्चा होगी।”

उन्होंने कहा कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम के संबंध में पश्चिमी देशों के साथ चल रहे विवादों का तर्कपूर्ण और पारस्परिक सम्मान आधारित समाधान चाहता है।

जेनेवा में ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता रविवार को शुरू हुई थी। दोनों पक्षों ने एक जुलाई तक व्यापक समझौते पर पहुंचने के लिए मतभेद दूर करने के प्रयास में दो दिनों में तीन चरणों में वार्ताएं की।

इस दौरान अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी और जारिफ ने अलग से भी वार्ता की।

जेनेवा वार्ता, ईरान के परमाणु कार्यक्रम से संबंधित विवादित मुद्दों के समाधान के लिए तेहरान और ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, रूस अमेरिका और जर्मनी के पी5 प्लस1 समूह के प्रयासों का हिस्सा थी।

दोनों पक्ष नवंबर 2013 में हस्ताक्षरित हुए अंतरिम समझौते के बाद से व्यापक समझौते पर पहुंचने की दो समयसीमाएं छोड़ चुके हैं। दोनों पक्षों ने वार्ता के लिए अगली समयसीमा एक जुलाई निर्धारित की है।

ईरानी वार्ताकारों और पी5 प्लस1 समूह के देशों के बीच अगली वार्ता जेनेवा में दो मार्च को होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493