नई दिल्ली, 28 फरवरी (आईएएनएस)। जैन समुदाय की एक संस्था ने विभिन्न राज्यों की 250 महिलाओं को डिजिटल लेनदेन का प्रशिक्षण देने का कार्यक्रम शुरू किया है।
जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जेआईटीओ) ने यहां मंगलवार को अपने ‘जीटो महिला डिजिटल वारियर्स’ कार्यक्रम की शुरुआत की घोषणा की। इसमें देश के विभिन्न राज्यों की 250 महिलाओं को डिजिटल भुगतान और नकदरहित लेनदेन को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। जेआईटीओ जैन व्यापारियों और पेशेवरों की संस्था है।
संस्था ने कहा, “ये 250 महिला डिजिटल दूत होंगी और अन्य 5000 को प्रशिक्षित करेंगी जोकि आगे अन्य लाखों महिलाओं को नकद रहित लेनदेन के प्रशिक्षित करेंगी। इस अभियान का मकसद अगले महीने तक लाखों महिलाओं को डिजिटल लेनदेन के लिए शिक्षित करना है।”
अभियान का उद्घाटन नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अमिताभ कांत ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, “महिला डिजिटल वारियर्स अभियान शर्मिला ओसवाल द्वारा डिजिटल भुगतान के लिए शुरू किया गया क्रांतिकारी अभियान है।”
अभियान की अगुवाई कर रही जेआईटीओ की महिला शाखा की अध्यक्ष शर्मिला ओसवाल ने कहा, ” जेआईटीओ हमारे माध्यम से हर घर, बाजार, समुदाय और देश में डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए डिजिटल महिला वारियर्स बनाएगी।”
dharmpath.com dharmpath