जैव प्रौद्योगिकी में चुनौतियों पर वार्ता गुरुवार से

नई दिल्ली, 18 मार्च (आईएएनएस)। भारत में जैव प्रौद्योगिकी के विकास से संबंधित विभिन्न मुद्दों और इसे ‘मेक इन इंडिया’ कार्यक्रम के प्रमुख घटकों में से एक बनाने के लिए यहां गुरुवार से दो दिवसीय विचार वार्ता शुरू होगी। इसका उद्घाटन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और भू-विज्ञान राज्य मंत्री वाई.एस. चौधरी करेंगे।

इस अवसर को जैव प्रौद्योगिकी उद्योग अनुसंधान सहायता परिषद (बीआईआरएसी) के तीसरे स्थापना दिवस के रूप में भी गुरुवार को आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में मनाया जाएगा। स्थापना दिवस का विषय ‘गतिवर्धक नवाचार : भारत जैव प्रौद्योगिकी का अगला वैश्विक केन्द्र’ है।

अगले दो दिनों तक होने वाली इस विचार वार्ता में बायोकॉन की मुख्य महानिदेशक डॉ. किरण मजूमदार शॉ सहित डीआईपीपी, आईसीएमआर, औषध विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र के जाने-माने वक्ता भाग लेंगे।

विचार वार्ता के दौरान ‘मेक इन इंडिया : जैव प्रौद्योगिकी क्षेत्र पर एक परिप्रेक्ष्य : अवसर, संबल और चुनौतियां’ विषय पर होने वाले पूर्ण वार्ता सत्र के दौरान बायोकॉन की मुख्य महानिदेशक और अध्यक्ष अपने विचार प्रकट करेंगी।

इस विचार वार्ता में 250 से ज्यादा वैज्ञानिक, उद्यमी, उद्योग विशेषज्ञों और नीति निमार्ता भाग लेंगे। वार्ता का केंद्र जैव प्रौद्योगिकी क्षेत्र में ‘मेक इन इंडिया’ की चुनौतियों को पूरा करने के लिए भारत की तैयारी पर रहेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493