जैश के 3 संदिग्धों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत

नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में हमले की साजिश रचने के आरोपी गिरफ्तार जैश-ए-मोहम्मद के तीन संदिग्ध आतंकवादियों को मंगलवार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश रितेश सिंह ने तीनों संदिग्धों -मोहम्मद साजिद, शकीर अंसार तथा समीर- को छह जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दिल्ली पुलिस ने अदालत से कहा था कि आरोपियों से अतिरिक्त पूछताछ करने के लिए उनकी हिरासत की जरूरत नहीं है।

पुलिस हिरासत की अवधि खत्म होने पर तीनों को मंगलवार को अदालत के समक्ष पेश किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, आतंकवादी मॉड्यूल सक्रिय था और राष्ट्रीय राजधानी तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने की फिराक में था।

पुलिस ने कहा कि मॉड्यूल का भंडाफोड़ दिल्ली के विभिन्न इलाकों तथा उत्तर प्रदेश में छापेमारी के बाद हुआ। सुरक्षा व खुफिया अधिकारी उन पर पहले से नजर बनाए हुए थे। उनके पास से एक आईईडी भी बरामद हुआ है।

सज्जाद (20) के बारे में कहा जा रहा है कि वह एक वांछित आतंकवादी था, जिसका एक हाथ कुछ समय पहले बम बनाने के दौरान जल गया था। उसे पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी से चार मई को गिरफ्तार किया गया था।

गिरफ्तार अन्य दो संदिग्धों में शकीर व समीर है। इन दोनों के भी जैश से सीधा संबंध होने की बात कही जा रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493