झाबुआ में विस्फोट, मरने वालों की संख्या 20 हुई (लीड-1)

झाबुआ, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में शनिवार की सुबह एक चाय की दुकान में गैस सिलेंडर के फटने और उसके बाद एक मकान में हुए विस्फोट में 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए।

झाबुआ की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीमा अलवा ने आईएएनएस को बताया, “बताया कि शनिवार सुबह पेटलावाद थाना क्षेत्र के न्यू बस स्टैंड के करीब एक चाय की दुकान में धमाका हुआ, उसके बाद हुए एक अन्य विस्फोट में एक दोमंजिला भवन भी क्षतिग्रस्त हुआ, जिसमें 20 लोगों की मौत हुई है। हादसे में कई व्यक्ति घायल हुए हैं।”

पुलिस महानिदेशक सुरेंद्र सिंह ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान विस्फोट की पुष्टि की, लेकिन हताहतों की संख्या के बारे में कुछ नहीं कहा।

हालांकि राज्य के गृह मंत्री बाबूलाल गौर ने हादसे में कई लोगों के मारे जाने की पुष्टि की।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह का समय था और लोग अपने कामकाज में लगे थे, तभी चाय की दुकान में गैस सिलेंडर फटा। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि वहां मौजूद कई लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद पास के ही एक मकान में धमाका हुआ, जिससे वह मकान पूरी तरह ढह गया। आसपास के मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

आशंका जताई जा रही है कि मकान में विस्फोटक पदार्थ रखे हुए थे, जिसके कारण वहां विस्फोट हुआ। लेकिन राज्य के गृह मंत्री गौर का कहना है कि वहां भी गैस सिलेंडर के कारण विस्फोट हुए।

पुलिस के अनुसार, हादसे में 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। उन्हें पेटलावाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है। हादसे के बाद से पेटलावाद में अफरा-तफरी का माहौल है। कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493