झारखंड : एसआईटी करेगी पाकुड़ में धर्म परिवर्तन मामले की जांच

रांची, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। झारखंड के पाकुड़ जिला पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र बर्नवाल ने जनजातीय लोगों का धर्म परिवर्तन कर उन्हें ईसाई बनाने के मामले की जांच के लिए गुरुवार को विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की।

बर्नवाल ने फोन पर आईएएनएस से कहा, “राज्य की विशेष खुफिया शाखा द्वारा जिले में जनजातीय लोगों का धर्म परिवर्तन कर ईसाई बनाने की एक रिपोर्ट के बाद पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार सिंह की अगुवाई में एक टीम का गठन किया गया है।”

रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कोई समय सीमा नहीं दी गई है।

विशेष शाखा ने पुलिस मुख्यालय को सौंपी अपनी रिपोर्ट में कहा था कि ‘पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा ब्लॉक में बड़े पैमाने पर कपड़े, अनाज, सौर लाईट, बकरी व अन्य चीजों का प्रलोभन देकर जनजातीय लोगों का धर्म परिवर्तन किया जा रहा है।’

विशेष शाखा के एक सूत्र ने कहा कि एक ईसाई पादरी के ऑडियो क्लिप में जनजातीय लोगों को प्रलोभन देते हुए सुना जा सकता है।

विशेष शाखा ने अपनी रिपोर्ट में यह भी वर्णन किया है कि हिंदू जनजातीय बहुल इलाके में चर्च का निर्माण किया जा रहा है ताकि आसानी से धर्मातरण करवाया जा सके।

सत्तारूढ़ भाजपा के समर्थकों ने दावा किया है कि लिट्टीपाड़ा ब्लॉक में पहाड़िया जनजाति के 90 प्रतिशत और 60 प्रतिशत अन्य जनजातीय समुदाय का धर्मातरण कर ईसाई बनाया गया है।

झारखंड में कई वर्षो के दौरान जनजातीय आबादी 32 प्रतिशत से घटकर 26.50 प्रतिशत हो गई है। जनजातीय लोगों की घटती आबादी की वजह धर्मातरण और अन्य राज्यों से लोगों का आना बताया जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493