झारखंड के साहिबगंज में बनेगा हाईटेक नदी कार्गो टर्मिनल

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के साहिबगंज में साल 2019 तक एक आधुनिक हाईटेक कार्गो टर्मिनल का निर्माण किया जाएगा। एक सरकारी बयान में बुधवार को यह घोषणा की गई।

बयान में बताया गया कि भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) ने राष्ट्रीय जलमार्ग परियोजना चरण एक और गंगा जल मार्ग विकास परियोजना के तहत इस कार्गो टर्मिनल के निर्माण का ठेका लार्सन एंड टूब्रो को दिया है।

बयान में आगे कहा गया है, “इस कार्गो टर्मिनल की क्षमता 22.8 लाख टन सालाना होगी। झारखंड में करीब 80 अरब टन कोयले का भंडार है और टर्मिनल स्थानीय खदानों से कोयले की ढुलाई में एक अहम भूमिका निभाएगा।”

कोयले के अलावा इस टर्मिनल से स्टोन चिप की भी ढुलाई की जाएगी।

इससे पहले मई में आईडब्ल्यूएआई ने वाराणसी में मल्टीमॉडल टर्मिनल बनाने का ठेका एफकॉन्स इंफ्रास्ट्रकचर लि. को दिया था। वहीं, तीसरा टर्मिनल पश्चिम बंगाल के हल्दिया में बनाया जाएगा।

सरकार राष्ट्रीय जलमार्ग परियोजना चरण एक पर जल मार्ग विकास परियोजना के तहत विश्व बैंक की मदद से 4,200 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। पहले चरण में हल्दिया वाराणसी जलमार्ग को विकसित किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493