रांची, 8 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में शनिवार तड़के पांच महिलाओं पर डायन होने का आरोप लगाकर उनकी पीट-पीट कर हत्या कर दी गई।
घटना राजधानी रांची से 40 किलोमीटर दूर मांडर में घटी है।
पुलिस के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “शुक्रवार रात गांव के युवकों ने पांच महिलाओं को उनके घरों से जबरदस्ती बाहर निकाला और डंडे और लोहे की छड़ से उनकी पिटाई की। गांव वालों का आरोप था कि ये महिलाएं काले जादू का अभ्यास करती थीं।”
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए कुछ युवकों ने अपराध स्वीकार कर लिया है।
ग्रामीणों ने कहा कि मांडर में लंबी बीमारी के कारण बीते छह महीने में चार बच्चों की मौत हो चुकी है।
बच्चों के माता-पिता व ग्रामीणों को शक था कि उन महिलाओं के काले जादू की वजह से बच्चों की जान गई।
शुक्रवार को 30 से अधिक लोगों ने महिलाओं को उनके घरों से खींचकर बाहर निकाला और पीट-पीटकर उन्हें मार डाला।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। पांचों महिलाएं अलग-अलग परिवार की हैं। उनके शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
झारखंड में इस साल 750 महिलाओं पर डायन होने का आरोप लगाकर उनकी हत्या की जा चुकी है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने घटना की निंदा की है।
dharmpath.com dharmpath