झारखंड में नक्सलियों ने नर्सिग होम मालिक की हत्या की

रांची, 15 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के सरायकेला खरसावां जिले में नक्सलियों ने मंगलवार को एक नर्सिग होम मालिक योगेश मिश्रा की हत्या कर दी।

योगेश ने नक्सलियों के जबरन वसूली से हासिल किए गए धन को उसके व्यापार संबंधी बैंक खाते में जमा कराने से मना कर दिया था, जिसके कारण उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों ने इसकी जानकारी दी।

सूत्रों का कहना है कि नक्सलियों ने योगेश को बुलाया था और उसके मना करने के बाद रांची से 130 किलोमीटर दूर स्थित कुचाई में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी तथा उसके वाहन को आग लगा दिया।

योगेश ने पेट्रोल पंप मालिक की गिरफ्तारी का उदाहरण देते हुए नक्सलियों के फरमान को मानने से इनकार कर दिया था।

पुलिस ने योगेश पर नक्सलियों का शुभचिंतक होने का आरोप लगाया और यह भी कहा कि उसके नर्सिग होम से गिरफ्तार किए गए दो नक्सलियों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पर हमला किया था।

झारखंड में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और वे अपने काले धन को सफेद बनाने की कोशिश में लगे नक्सलियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस ने 10 नवम्बर को रांची के बाहरी इलाके बेरो से नंद किशोर नामक एक पेट्रोल पंप के मालिक को गिरफ्तार किया था। वह 25 लाख रुपये की नकद राशि बैंक में जमा कराने जा रहा था।

किशोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया और पूछताछ के दौरान उसने इस बात को स्वीकार किया कि यह राशि प्रतिबंधित नक्सली संगठन ‘पीपुल्स लिब्रेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई)’ के प्रमुख दिनेश गोपे की है। किशोर इन पैसों को दिनेश के खाते में पेट्रोल और डीजल की बिक्री के आधार पर जमा कराने जा रहा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493