रांची, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड के लोहरदगा जिले में बुधवार को तीन कमांडरों और तीन महिलाओं सहित 10 नक्सलियों ने समर्पण कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, नक्सलियों ने रांची रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ए.बी. होमकर के समक्ष समर्पण कर दिया।
उल्लेखनीय है कि 10 नक्सलियों में एक सब-जोनल कमांडर है और दो एरिया कमांडर हैं।
समर्पण करने वालों में रामधीन खेरवार और कलेश्वर खेरवार नामक दो नक्सलियों पर दो-दो लाख रुपये के इनाम थे।
समर्पण करने वाले नक्सलियों की पहचान हरेंद्र ओरांव, चंद्रेश्वर ओरांव, जीतेंद्र गंझू, सुहराम खेरवार, सुशांति ओरांव, सीमा ओरांव, मीना ओरांव और सुखलाल नागेसिया के रूप में हुई है।
राज्य सरकार की समर्पण और पुनर्वास नीति के तहत नक्सलियों ने समर्पण किया है। नीति के दिशानिर्देशों के मुताबिक उनका पुनर्वास होगा।
झारखंड के 24 जिलों में से 22 जिले नक्सल प्रभावित हैं, लोहरदगा भी इन्हीं प्रभावित क्षेत्रों में से है।
dharmpath.com dharmpath