झारखंड : विपक्ष राज्यसभा चुनाव में ‘धांधली’ का मुद्दा उठाएगा

रांची, 18 जुलाई (आईएएनएस)। राज्यसभा चुनाव में ‘धांधली’ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष के पुत्र के कथित यौन दुर्व्यवहार का मुद्दा उठाकर विपक्ष झारखंड सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है। विधानसभा सत्र आगामी शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता किशोर सहदेव ने आईएएनएस से कहा, “पार्टी के रूप में भाजपा और रघुवर दास के नेतृत्व में भाजपा सरकार का असली चेहरा उजागर हो गया है। दोनों मुद्दे मानसून सत्र में उठाए जाएंगे।”

उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ताला मरांडी के पुत्र मुन्ना मरांडी के यौन शोषण का शिकार आदिवासी लड़की को न्याय दिलाने में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है।

मुन्ना एक नाबालिग लड़की से शादी करने का भी आरोपी है।

सहदेव ने कहा, “वधू की उम्र तय करने के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन नहीं किया गया जो स्कूल के रिकार्ड के मुताबिक नाबालिग है।”

उधर, नेता प्रतिपक्ष और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन ने कहा कि 11 जून को हुए राज्यसभा चुनावों में सरकार ने दो सीटें जीतने के लिए अनुचित साधनों का प्रयोग किया।

उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर विफल हुई है और सरकार को घेरने के लिए विपक्ष के पास बहुत कुछ है।

झारखंड विकास मोर्चा-प्रजातांत्रिक (जेवीएम-पी) के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि भाजपा अपने बहुमत का इस्तेमाल तानाशाह के रूप में काम करने के लिए कर रही है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत ने कहा कि सत्ताधारी भाजपा के कार्यकलाप से साबित होता है कि झारखंड में ‘रावण राज’ है।

गत शुक्रवार को जेवीएम-पी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने ऑडियो और वीडियो जारी किया जिसमें कथित रूप से दिखाया गया है कि रघुवर दास, एक एडीजी रैंक के पुलिस अधिकारी और मुख्यमंत्री के एक करीबी सहायक, कांग्रेस विधायक निर्मला देवी के पति एवं कांग्रेस के नेता योगेंद्र साव के साथ बातचीत कर रहे हैं।

वीडियो में पुलिस अधिकारी साव को कथित रूप से सलाह देते दिख रहे हैं कि अगर वह राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को जीतने में सहायता करेंगे तो उन्हें और उनकी पत्नी को राजनीतिक मदद मिलेगी।

बाबूलाल मरांडी के मुताबिक वीडियो में यह भी दिखता है कि राज्यसभा चुनाव से एक दिन पहले रघुवर दास ने योगेंद्र साव से मुलाकात की थी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ताला मरांडी न केवल विपक्ष के कई सवालों का सामना कर रहे हैं, बल्कि अपनी पार्टी के कुछ लोगों के भी निशाने पर हैं।

ताला और उनके पुत्र के खिलाफ दो प्राथमिकियां दर्ज होने के बाद भाजपा के कुछ सदस्यों ने उनके इस्तीफे की मांग की थी। मुन्ना ने कथित रूप से एक लड़की का यौन शोषण किया और शादी दूसरी लड़की से की, जो नाबालिग है।

यौन शोषण का आरोप लगाने वाली लड़की की मेडिकल जांच से पता चला कि उसका संभवत: एक से अधिक साथियों के साथ यौन संबंध था।

जिस लड़की से मुन्ना ने शादी की है, उसकी उम्र का निर्धारण मेडिकल टेस्ट द्वारा होना अभी बाकी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493