टाटा महाराष्ट्र ओपन का टाइटल स्पांसर

मुंबई, 6 दिसम्बर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को एक समारोह में महाराष्ट्र ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पहले संस्करण के टाइटल स्पांसर का अनावरण किया। इस टूर्नामेंट का टाइटल स्पांसर टाटा है।

एटीपी वर्ल्ड टूर टूर्नामेंट महाराष्ट्र ओपन-2018 के सभी मैच पुणे के महालुंगे बालेवाडी स्टेडियम में एक से छह जनवरी, 2018 के तक खेले जाएंगे। यह टूर्नामेंट टाटा ओपन महाराष्ट्र-2018 कहलाया जाएगा।

इस टूर्नामेंट के लिए क्वालीफायर मैच 30 और 31 दिसम्बर 2017 को खेले जाएंगे, वहीं मुख्य ड्रॉ के मैच एक जनवरी 2018 से शुरू होंगे।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, “मैं महाराष्ट्र ओपन के टाइटल स्पांसर के रूप में टाटा की घोषणा कर खुश हूं। इस कंपनी ने खेलों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है और एटीपी टूर इवेंट को मिला इसका समर्थन हमारे लिए गर्व की बात है।”

फडणवीस ने कहा, “टाइटल स्पांसर के लिए मैं अदर पूनावाला का शुक्रगुजार हूं, जो अपने क्लीन सिटी पहल का प्रचार करने के लिए खेलों को माध्यम बना रहे हैं। पुणे शहर के लिए उनकी यह पहल एक अच्छा कार्य है।”

भारत में खेलों के आयोजन के लिए महाराष्ट्र एक महत्वपूर्ण स्थल बन गया है। इस पर फडणवीस ने कहा, “पिछले कुछ माह में राज्य में डेविस कप (पुणे), एटीपी चैलेंजर (पुणे) और डब्ल्यूटीए मुंबई ओपन (मुंबई) जैसे टूर्नामेंटों का आयोजन हुआ है। हर किसी के जीवन में खेल एक अहम हिस्सा होना चाहिए। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आगामी प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन सकती हैं।”

टाटा ओपन महाराष्ट्र-2018 टेनिस टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि 550,000 डॉलर है। इसमें विजेता खिलाड़ी को 80,000 डॉलर की पुरस्कार राशि से नवाजा जाएगा।

इस टूर्नामेंट में टेनिस के प्रशंसक विश्व के शीर्ष-50 खिलाड़ियों में शामिल मारिन सिलिक (छठी विश्व वरीयता प्राप्त, क्रोएशिया), केविन एंडरसन (14वीं विश्व वरीयता प्राप्त, दक्षिण अफ्रीका), रोबटरे बटिस्टा ऑगट (20वीं विश्व वरीयता प्राप्त, स्पेन), रोबिन हासे (42वीं विश्व वरीयता प्राप्त, नीदरलैंड) जैसे खिलाड़ियों को अपने सामने खेलते देख पाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493