बेंगलुरू, 4 जुलाई (आईएएनएस)। प्रमुख मानव संसाधन सेवा कंपनी, टीमलीज सर्विसिस लि. ने सोमवार को एएसएपी इंफो सिस्टम्स लि. के अपनी सहायक कंपनी के माध्यम से 67 करोड़ रुपये में अधिग्रहण की घोषणा की।
टीमलीज ने एक बयान जारी कर कहा, “इस अधिग्रहण के लिए मौजूदा वित्तीय संसाधन से धन जुटाया जाएगा और अगस्त तक यह सौदा हो जाएगा।”
बेंगलुरू की एएसएपी एक टीयर-1 शहर की कंपनी है, जो बहुराष्ट्रीय और घरेलू कंपनियों को कर्मचारी मुहैया कराती है। इसके करीब हजार एसोसिएट्स और 171 कोर कर्मचारी हैं। एएसएपी ने 63 करोड़ रुपये के राजस्व इकट्ठा होने की सूचना दी है।
वहीं, टीमलीज 14 साल पुरानी शहरी कंपनी है, जो कर्मचारियों के अलावा, पेरोल प्रक्रिया, भर्ती, कंपायलेंस और प्रशिक्षण सेवाएं मुहैया कराती है और देश भर में इसके करीब 1,400 ग्राहक हैं।
टीमलीज के सहसंस्थापक और कार्यकारी निदेशक अशोक रेड्डी ने कहा, “इस सौदे से टीमलीज को सूचना प्रौद्योगिकी खंड में कर्मचारी मुहैया कराने के कारोबार में संतुलन बिठाने में मदद मिलेगी।”
टीमलीज ने गुजरात सरकार के साथ मिलकर वड़ोदरा में टीमलीज स्किल्स युनिवर्सिटी (टीएलएसयू) की स्थापना की है।
साल 2014-15 में टीमलीज ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर रोजगार मुहैया कराने की सेवा की शुरुआत की थी। इसके तहत यह रोजगार प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण प्रदान करती है।
टीमलीज में देश भर में 1,25,000 एसोसिएट्स/प्रशिक्षु हैं और अब तक इसने 12 लाख लोगों को रोजगार मुहैया कराया है और आगे भी इसकी लाखों लोगों को रोजगार मुहैया कराने की योजना है।
dharmpath.com dharmpath