टीम को बिना दबाव के खेलने की सलाह दी : अहमद

कार्डिफ, 15 जून (आईएएनएस)। पहली बार आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची पाकिस्तान टीम के कप्तान सरफराज अहमद का कहना है कि उन्होंने अपनी टीम को बिना दबाव के खेलने की सलाह दी थी।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने इंग्लैंड को आठ विकेट से मात दी।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान इंग्लैंड ने पाकिस्तान के सामने 212 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे पाकिस्तान की टीम ने 37.1 ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर 215 रन बनाकर जीत हासिल की और फाइनल में जगह बनाई।

अहमद ने कहा, “मैंने खिलाड़ियों को मैदान पर उतरकर बिना दबाव के खेलने की सलाह दी थी। हमने काफी अच्छी गेंदबाजी की और इसके बाद अच्छी बल्लेबाजी भी की।”

कप्तान ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ मैच में मोहम्मद आमिर के स्थान पर शामिल किए गए रुमान रईस ने अच्छा प्रदर्शन किया। रईस ने 44 रन देकर दो विकेट लिए।

अहमद ने कहा, “हमारे लिए हर मैच नॉकआउट मैच था। अब फाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम से भिड़ंत का इंतजार है। इस मैच में रईस के अलावा हसन अली ने भी शानदार प्रदर्शन किया। आशा है कि हम फाइनल में भी ऐसा ही प्रदर्शन करेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493