टीम हित में बल्लेबाजी क्रम बदलता रहूंगा : धौनी

पुणे, 13 जनवरी (आईएएनएस)। भारत को दो विश्व कप दिलाने वाले निवर्तमान कप्तान महेन्द्र सिंह धौनी ने शुक्रवार को कहा है कि उन्होंने टीम की जरूरत के हिसाब से अपने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया था।

धौनी ने हाल ही में भारत की एकदिवसीय और टी-20 टीम की कप्तानी से इस्तीफा दिया था।

उन्होंने कहा कि वह एक बार फिर टीम की जरुरत के हिसाब से बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करने के लिए तैयार हैं।

धौनी ने इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली एकदिवसीय श्रृंखला के 15 जनवरी को होने वाले पहले मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा, “शीर्ष क्रम के बल्लेबाज अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और मुझे लगा की निचले क्रम में कोई तेजी से रन बनाने वाला बल्लेबाज नहीं है और इसलिए मैंने निचले क्रम में बल्लेबाजी करने का फैसला किया।”

धौनी ने कहा, “कई वर्षो से मैंने टीम की जरूरत के हिसाब से बल्लेबाजी क्रम में बदलाव किया। मुझे आगे जो जिम्मेदारी दी जाएगी उसके हिसाब से मैं दोबारा भी बल्लेबाजी करने को तैयार हूं।”

धौनी ने कहा, “एक क्रिकेट खिलाड़ी के तौर पर 2007 के बाद से कई चीजें बदली हैं। मैंने 2004 में पदार्पण किया था और 2007 में मुझे कप्तानी दी गई। अगर मैं वहां से अपना सफर देखूं तो मुझे टीम की जरुरत के हिसाब से बदलाव करने पड़े हैं। मैंने निचले क्रम में बल्लेबाजी से शुरुआत की थी और फिर ऊपर आया। मेरा बल्लेबाजी क्रम कभी तय नहीं रहा। मुझे 25-30 ओवर बल्लेबाजी करने मिलते थे, हालांकि पिछले कुछ वर्षो से इसमें बदलाव हुआ है।”

धौनी ने विराट कोहली की कप्तानी की तरीफ की है और कहा है कि वह हमेशा से अपने आप में सुधार करना चाहते थे।

धौनी ने कहा, “कोहली और मैं शुरू से ही साथ में रहे हैं। वह हमेशा सुधार करना चाहते हैं और टीम में अपना योगदान देना चाहते हैं। मेरा मानना है कि विराट की कप्तानी वाली टीम सबसे सफल टीम है।”

धौनी ने अभी तक अपने सफर को भी साझा किया, “मैं अपनी जिंदगी में किसी चीज पर पछताता नहीं हूं। कई अच्छी चीजें मेरे साथ हुई हैं। मेरे लिए यह सफर उतार चढ़ाव भरा रहा है।”

उन्होंने कहा, “जब मैंने शुरुआत की थी तो कई सीनियर खिलाड़ी साथ में थे और जब वो सभी चले गए तो हमें यह सुनिश्चित करना था कि माहौल जैसा है वैसा बना रहे। कुल मिलाकर यह वो सफर था जिसका मैंने पूरी तरह से आनंद लिया और जिसने मेरे चेहरे पर मुस्कान लाई।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493