टी-20 विश्व कप के लिए स्मिथ को सौंपी गई आस्ट्रेलिया की कमान (लीड-1)

मेलबर्न, 9 फरवरी (आईएएनएस)। भारत की मेजबानी में इसी वर्ष होने वाले आईसीसी टी-20 विश्व कप के लिए मंगलवार को आस्ट्रेलियाई टीम की घोषणा कर दी गई और एरॉन फिंच की जगह स्टीवन स्मिथ को टीम की कमान सौंपी गई है।

क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) ने मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा, “विश्व कप में आस्ट्रेलिया की पुरुष टी-20 टीम की कमान एकदिवसीय और टेस्ट टीम के कप्तान स्मिथ ही संभालेंगे। वह अक्टूबर, 2014 से कप्तान रहे फिंच की जगह लेंगे।”

मुख्य चयनकर्ता रोड मार्श ने कहा कि यह सही समय है जब स्मिथ को टी-20 टीम का कप्तान बनाया जाए।

मार्श ने कहा, “फिंच ने आस्ट्रेलिया टी-20 टीम के कप्तान की जिम्मेदारी बखूबी निभाई। उन्हें इससे काफी फायदा होगा। वह हमेशा आस्ट्रेलिया के सम्माननीय कप्तान रहेंगे।”

उन्होंने कहा, “जब से फिंच टी-20 टीम के कप्तान बने हैं तब से एकदिवसीय और टेस्ट मैचों में टीम के नेतृत्व में बदलाव आया है। माइकल क्लार्क के संन्यास लेने के बाद स्मिथ ने टीम को संभाला, इसलिए हमें लगाता है कि स्मिथ को तीनों प्रारूपों में टीम की कमान सौंपने का यह सही समय है।”

टीम में विकेटकीपर मैथ्यू वेड की जगह पीटर नेविल को शमिल किया गया है। वह टी-20 टीम में पहली बार शामिल किए गए हैं। बाएं हाथ के स्पिनर एश्टन आगर और लेग स्पिनर एडम जाम्पा को भी टी-20 टीम में पहली बार शामिल किया गया है।

चोटिल होने के बावजूद फिंच, नाथन कोल्टर और जेम्स फॉल्कनर को भी टीम में जगह दी गई है।

उल्लेखनीय है कि आस्ट्रेलियाई टीम अब तक टी-20 का विश्व कप नहीं जीत पाई है।

मार्श ने कहा, “हमारा मानना है कि हमने जिस टीम का चयन किया है वह संतुलित टीम है और भारत में जीत हासिल करने के लिए उनके पास योग्यता और अनुभव दोनों से लैस है, जो हमें वहां टी-20 विश्व कप का पहला खिताब दिलाएगा।”

आस्ट्रेलिया 18 मार्च को धर्मशाला स्थित खूबसूरत हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप में अपने अभियान का आगाज करेगी।

सीए ने साथ ही अगले साल इंग्लैंड की मेजबानी में होने वाले महिला टी-20 विश्व कप के लिए भी महिला टीम की घोषणा कर दी। टीम की कमान मेग लैनिंग को सौंपी गई है।

टी-20 पुरुष टीम : स्टीवन स्मिथ (कप्तान), डेविड वार्नर (उप-कप्तान), एश्टन आगर, नाथन कोल्टर नील, जेम्स फॉल्कनर, एरॉन फिंच, जॉन हेस्टिंग्स, जोस हाजलेवुड, उस्मान ख्वाजा, मिशेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, पीटर नेविल, एंड्र टॉय, शेन वाटसन, एडम जाम्पा।

महिला टी-20 टीम : मेग लैनिंग (कप्तान), एलेक्स ब्लैकवेल (उप-कप्तान), क्रिस्टेन बिम्स, लॉरेन चीटले, सारा कोयटे, रेने फैरेल, होली फर्लिग, ग्रेस हैरिस, एलिजा हीली, जेस जोनासन, बेथ मूनी, इरिन ओसबोर्न, एलिस पेरी, मेगन शुट, एलिज विलानी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493