नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। दूसरी बार आईसीसी टी-20 विश्व कप का फाइनल खेलने के लिए इंग्लैंड को 154 रनों के लक्ष्य को पार करने होगा। न्यूजीलैंड ने फिरोज शाह कोटला मैदान पर बुधवार को जारी पहले सेमीफाइनल मैच में इंग्लिश टीम को यही लक्ष्य दिया है।
पहली बार फाइनल खेलने के लिए प्रयासरत कीवी टीम ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरो में 8 विकेट पर 153 रन बनाए। कीवी टीम की शुरुआत तो काफी तेज रही लेकिन अंतिम क्षणो में उसने काफी तेजी से विकेट गंवा और इसी कारण वह 175-180 के निर्धारित लक्ष्य को छू नहीं सकी।
न्यूजीलैंड ने काफी तेज शुरुआत की लेकिन महज 15 रनो के कुल योग पर मार्टिन गुपटिल (15) का विकेट गंवा दिया। गुपटिल तीसरे ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए लेकिन तब तक कीवी टीम 27 रन जोड चुकी थी। गुपटिल ने 12 गेंदों का सामना किया और तीन चौके लगाए।
पावरप्ले की समाप्ति तक न्यूजीलैंड ने 51 रन बनाए थे। कप्तान केन विलियमसन (32) और कोलिन मुनरो (46) विकेट पर थे। इन दोनों ने ताबडतोड अंदाज में खेलते हुए एक के बाद एक कई बेहतरीन शॉट लगाए और मात्र 50 गेंदों पर 74 रन जोड डाले।
कप्तान का विकेट 91 के कुल योग पर गिरा। कप्तान ने 28 गेंदों का सामना कर तीन चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद मुनरो ने विलियमसन का स्थान लेने आए कोरी एंडरसन (28) के साथ मिलकर पारी को आगे बढाना शुरू किया लेकिन अभी कुल योग में 16 रन ही जुडे थे कि मुनरो विदा हो गए।
मुनरो ने 32 गेदों का सामना कर सात चौके और एक छक्का लगाया। उनका विकेट 107 के कुल योग पर गिरा। इसके बाद रॉस टेलर (6) कुछ खास नहीं कर सके और क्रिस जार्डन की गेंद पर इयोन मोर्गन के हाथों लपके गए।
टेलर और एंडरसन के बीच 19 गेंदों पर 27 रनों की साझेदारी हुई। ल्यूक रोंची (3) तेजी से खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवा बैठे। रोंची को बेन स्टोक्स ने डेविड विली के हाथों कैच कराया। यह विकेट 139 के कुल योग पर गिरा।
रोंची की विदाई के तुरंत बाद अगली ही गेंद पर एंडरसन भी चलते बने। एंडरसन को स्टोक्स ने जार्डन के हाथों कैच कराया। कुल योग में अभी 11 रन ही जुड़े थे कि मिशेल सैंटनर (7 को स्टोक्स ने अंतिम ओवर की दूसरी गेंद पर जार्डन के हाथों कैच करा दिया।
यह विकेट 150 के कुल योग पर गिरा। पारी की अंतिम गेंद पर मिशेल मैकक्लेनाघन (1) रन आउट कर दिए गए।
इंग्लैंड की ओर से स्टोक्स ने तीन सफलता हासिल की जबकि मोइन अली, डेविड विली, क्रिस जार्डन और लिएम प्लंकेट ने एक-एक विकेट लिया।
dharmpath.com dharmpath