नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। मोइन अली (नाबाद 41) और डेविड विले (नाबाद 20) द्वारा आठवें विकेट के लिए जोड़े गए 57 रनों की बदौलत इंग्लैंड ने फिरोज शाह कोटला मैदान पर जारी आईसीसी विश्व कप के ग्रुप मुकाबले में अफगानिस्तान को 143 रनों का लक्ष्य दिया है।
इंग्लैंड ने 14.3 ओवरों में 87 रनों पर अपने सात विकेट गंवा दिए थे और उसके 100 के करीब भी पहुंचने की उम्मीद नहीं दिखाई दे रही थी लेकिन मोइन और विले ने 33 गेंदों पर ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए 57 रन जोड़ डाले।
मोइन ने 33 गेंदों का सामना कर चार चौके और एक छक्का लगाया जबकि विले ने 17 गेंदों पर दो छक्के लगाए। इससे ठीक पहले मोइन ने क्रिस जार्डन (15) के साथ सातवें विकेट के लिए 28 नों की साझेदारी कर अपनी टीम को बेहद मुश्किल हालात से निकाला था।
इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तूफानी पारी खेलने वाले जेसन रॉय (5) को आमिर हम्जा ने तीसरे ओवर की अंतिम गेंद पर बोल्ड कर दिया।
इसके बाद जेम्स विंस (22) ने वानखेड़े स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच जिताउ पारी खेलने वाले जोए रूट (12) के साथ पारी को संवारने के काम शुरू किया।
दोनों इसमें काफी सफल भी होते दिख रहे थे। साझेदारी तेज गति से रूप ले रही थी लेकिन मोहम्मद नबी ने 42 के कुल योग पर विंस को अपनी ही गेंद पर कैच के अपनी टीम को दूसरी सफलता दिलाई।
नबी का यह ओवर अफगानिस्तान के लिए वरदान साबित हुआ। इस ओवर की तीसरी गेंद पर विंस को चलता करने के बाद नबी ने चौथी गेंद पर कप्तान इयोन मोर्गन (0) को बोल्ड कर दिया।
मोर्गन गए और उनका स्थान लेने जोस बटलर आए लेकिन अगली ही गेंद पर रूट और बटलर के बीच एक रन चुराने के प्रयास में गलतफहमी हुई और नतीजा हुआ कि रूट रन आउट होकर पवेलियन लौट गए।
रूट का विकेट 42 के कुल योग पर गिरा। इस तरह इंग्लैंड ने इस योग पर तीन विकेट गंवा दिए।
इसके बाद 50 के कुल योग पर बटलर (6) भी चलते बने और फिर 57 के कुल योग पर बेन स्टोक्स (7) का विकेट गिरा।
जार्डन का विकेट 85 के कुल योग पर गिरा। इसके बाद मोइन और विले ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया।
अफगानिस्तान की ओर से राशिद खान, मोहम्मद नबी ने दो-दो विकेट लिए। नबी ने चार ओवरों में सिर्फ 17 रन खर्च किए। समिउल्लाह शेनवारी और आमिर हम्जा को भी एक-एक सफलता मिली।
यह दोनों टीमों का तीसरा मैच है। अफगान टीम इससे पहले के अपने दोनों मैच हार चुकी है जबकि इंग्लैंड को एक जीत और एक हार मिली है।
dharmpath.com dharmpath