इंडियन वेल्स, 14 मार्च (आईएएनएस)। स्विट्जरलैंड के महान टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर ने गुरुवार को यहां ब्रिटेन के नंबर-1 काइल एडमंड को मात देकर इंडियन वेल्स के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
पांच बार के विजेता फेडरर ने एंडमंड को सीधे सेटों में 6-1, 6-4 से पराजित किया। यह मुकाबला करीब एक घंटे तक चला।
बीबीसी के अनुसार, 20 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता फेडरर ने अभी तक इस प्रतियोगिता में एक भी सेट नहीं गंवाया है। उन्होंने एडमंड के खिलाफ सभी सात ब्रेक प्वाइंट बचाए और पहले सर्व पर 79 प्रतिशत अंक अपने नाम किए।
एंडमंड पहले गेम से ही मुश्किल में नजर आए। फेडरर ने पहले सेट में दमदार खेल दिखाया और जल्द ही 5-1 की बढ़त ले ली।
दूसरे सेट में फेडरर को जीत के थोड़ी मेहनत करनी पड़ी लेकिन उन्होंने ब्रिटेन के खिलाड़ी को वापसी का कोई बड़ा मौका नहीं दिया।
dharmpath.com dharmpath