टेनिस : चीन ओपन के फाइनल में पहुंचे मरे

बीजिंग, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त पुरुष टेनिस खिलाड़ी ब्रिटेन के एंडी मरे ने शनिवार को चीन ओपन टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है।

मरे ने सेमीफाइनल मुकाबले में स्पेन के डेविड फेरर को सीधे सेटों में 6-2, 6-3 से हराया।

मरे ने पहली बार चीन ओपन के फाइनल में प्रवेश किया है। मरे ने इससे पहले छह मुकाबलों में फेरर को मात दी थी।

फेरर एक बार फिर मरे की चुनौती का सामना करने में नाकामयाब रहे। इस साल विंबलडन का खिताब अपने नाम कर चुके मरे ने पहले सेट में 4-2 की बढ़त बनाई। इस बढ़त को स्पेनिश खिलाड़ी पाट नहीं पाए और पहला सेट हार गए।

दूसरे सेट में भी ओलम्पिक विजेता मरे ने अपना शानदार खेल जारी रखते हुए फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल में उनका सामना बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव से होगा। दिमित्रोव का सेमीफाइनल मुकाबला कनाडा के मिलॉस राओनिक से होना था, लेकिन चोट के चलते राओनिक सेमीफाइनल नहीं खेल पाए और दिमित्रोव को फाइनल का टिकट मिला।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493