पुणे, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। भारत के सुमित नागल ने रविवार को टाटा ओपन महाराष्ट्र के मुख्य ड्रॉ में जगह बना ली है। नागल ने पुरुष एकल वर्ग के दूसरे क्वालीफायर मैच में स्पेन के एड्रियान मेनेडेज को मात देकर मुख्य ड्रॉ में प्रवेश किया।
यहां के बालेवाडी स्टेडियम में खेले गए मैच में नागल ने मेनेडेज को 6-2, 3-6, 6-4 से मात दी।
मुख्य ड्रॉ के पहले राउंड में वह इलया इवाश्का से मिलेंगे। इवाश्का ने क्वालीफायर से मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई है।
मुख्य ड्रॉ में क्वालीफाई करने के बाद नागल ने एक बयान में कहा, “टाटा ओपन महाराष्ट्र के मुख्य ड्रॉ में क्वालीफाई करने के बाद मैं काफी खुश हूं। इवाश्का के खिलाफ मुख्य ड्रॉ के मैच के लिए मैं तैयार हूं। यह काफी रोचक मैच होगा। मुझे भरोसा है कि इस मैच में अच्छा प्रदर्शन करूंगा।”
इवाश्का ने स्पेन के कार्लोस तार्बेनेर को 6-3, 6-2 से मात देते हुए मुख्य ड्रॉ में प्रवेश किया। इन दोनों के अलावा रिकाडरे ओजेडा लारा ने ब्राजील के जोआओ साउजा को सीधे सेटों में 6-3, 6-4 से मात दी। वहीं ब्राजील के थियागो मोंटेरियो ने भारत के प्रजनीश गुणास्वारन को 7-5, 7-5 से मात देते हुए मुख्य ड्रॉ का सफर तय किया।
dharmpath.com dharmpath