रोम, 17 मई (आईएएनएस)। जापान के स्टार टेनिस खिलाड़ी की निशिकोरी ने बुधवार को रोम मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट में स्पेन के डेविड फेरर को हराकर अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया है।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, नौवीं विश्व वरीयता प्राप्त निशिकोरी ने पुरुष एकल वर्ग में एक घंटे 21 मिनट तक चले मुकाबले में 30वीं विश्व वरीयता प्राप्त फेरर को 7-5, 6-2 से मात दी।
उल्लेखनीय है कि फेरर (35) ने रोम मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट में हमवतन फेलिसियानो लोपेज को 4-6, 6-3, 6-1 से मात देकर अपनी सात सौवीं जीत दर्ज की। वह एटीपी वर्ल्ड टूर के इतिहास में 700 मैच जीतने वाले 13वें टेनिस खिलाड़ी बन गए हैं।
फेरर के खिलाफ अपने अब तक के करियर में निशिकोरी की यह 10वीं जीत है। उन्होंने पिछली बार फेरर को मेड्रिड ओपन के अंतिम-16 में हराया था।
पिछले साल रोम मास्टर्स के सेमीफाइनल में पहुंचे निशिकोरी का सामना अंतिम-16 में अर्जेटीना के जुआन मार्टिन डेल पोट्रो और ब्रिटेन के केले एडमंड के खिलाफ होने वाले मैच के विजेता खिलाड़ी से होगा।
dharmpath.com dharmpath